नई दिल्ली। टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट से संन्यास ले चुके विराट कोहली अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही खेलते नजर आते हैं। कोहली की नजर अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप पर है। वनडे क्रिकेट में जगह बनाए रखने के लिए विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी भी खेले थे। इन दिनों वह आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से धमाल मचा रहे हैं और 484 रन बना चुके हैं।
आरसीबी ने शेयर किया वीडियाे
कोहली की फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक वीडियो शेयर किया है, इसमें कोहली ने अपने करियर के इस पड़ाव पर भी खुद को साबित करने के दबाव के बारे में खुलकर बात की है। कोहली ने कहा कि अगर उन्हें लगता है कि उन्हें महत्व दिया जा रहा है और वे खुद उस माहौल में योगदान दे सकते हैं, तो वे खेलने को तैयार हैं। अगर ये ‘शर्तें’ पूरी नहीं होती हैं, तो “वे उस स्थिति में नहीं हैं”।
उन्होंने कहा, मेरा नजरिया एकदम साफ है। अगर मैं जिस माहौल का हिस्सा हूं, उसमें अपना योगदान दे सकता हूं और माहौल को भी लगता है कि मैं योगदान दे सकता हूं, तो मुझे पहचान मिलेगी। अगर मुझे अपनी काबिलियत और अहमियत साबित करने के लिए मजबूर किया जाता है, तो मैं उस स्थिति में नहीं हूं। क्योंकि मैं अपनी तैयारी को लेकर ईमानदार हूं।






