मुरार सिंह कंडारी
नई दिल्ली: नई दिल्ली पालम क्षेत्र में उत्तराखंड विकास एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा इन्द्रा पार्क के माँ भगवती नंदादेवी मंदिर परिसर स्थित गीता भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मेजर जनरल भुवन चन्द्र खंडूड़ी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।

जनरल खंडूड़ी को याद करते हुए पालम के विधायक श्री कुलदीप सोलंकी ने कहा कि जनरल खंडूड़ी देश के एक प्रतिष्ठित सैन्य अधिकारी के साथ अटल जी की सरकार में देशभर में सड़कों का विस्तार करने वाले एक योग्य और सफल मंत्री तथा उत्तराखंड राज्य में एक कर्मठ और ईमानदार मुख्यमंत्री के रूप में चर्चित रहे। हमारे क्षेत्र में उत्तराखंड के सांस्कृतिक आयोजनों के साथ लोकप्रिय नेता खंडूड़ी जी ने भाजपा के चुनाव प्रचार में भी हम सबका सहयोग किया। देश सदैव खंडूड़ी जी के योगदान का स्मरण करेगा।
उत्तराखंड विकास एवं सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष श्री दीवान सिंह रावत ने कहा कि सैन्यभूमि उत्तराखंड की माटी के लाल खंडूड़ी जी ने राष्ट्रीय राजनीति में विशेष स्थान बनाया और वे देश एवं उत्तराखंड के विकास के सूत्रधार बने।

इंडिया टाइम 24 न्यूज के प्रबंध निदेशक श्री संजीव सोलंकी ने कहा कि जनरल खंडूड़ी एक देशभक्त व्यक्तित्व,कर्मठ और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि एवं कुशल प्रशासक थे।
केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में मीडिया सलाहकार एवं पर्वतीय लोकविकास समिति के अध्यक्ष प्रो.सूर्य प्रकाश सेमवाल ने कहा कि 36 वर्ष की सैन्य सेवा में देश की ओर से तीन युद्ध लड़ने वाले जनरल खंडूड़ी जी को भाजपा की त्रिमूर्ति राजनीति में लेकर आई और पार्टी की ओर से पृथक राज्य के आंदोलन की कमान उत्तरांचल संघर्ष समिति का अध्यक्ष बनाकर खंडूड़ी जी को दी। 1991 में गढ़वाल से लोकसभा सांसद चुने गए खंडूड़ी जी को अटल जी ने लोकसभा में पार्टी का मुख्य सचेतक बनाया।
अटल जी की सरकार में राजमार्ग और स्वर्णिम चतुर्भुज योजनाओं से खंडूड़ी जी ने केवल चारधाम नहीं पूरे भारत के सभी कोनों और दिशाओं को जोड़ा। दो बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में खंडूड़ी जी का कार्यकाल विकास,सुशासन और ईमानदारी का पर्याय बना। 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने खंडूड़ी जी को लोकसभा का टिकट दिया और जीतने के बाद उन्हें संसद की रक्षा समिति का अध्यक्ष बनाया,जिसके अंदर खंडूड़ी जी ने पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन का उपहार दिया।
उत्तराखंड विकास एवं सांस्कृतिक समिति के कार्यकारिणी सदस्य एवं खंडूड़ी जी के पूर्व सहयोगी श्री वीरेंद्र सिंह रावत ने कैंट और पालम क्षेत्र के लोगों से खंडूड़ी जी के आत्मीय संबंधों को याद किया।
कैप्टन अशोक सिंह, श्री सुरेन्द्र बरसैयाँ, श्री रजनीश जिंदल, उत्तराखंड विकास एवं सांस्कृतिक समिति के महासचिव श्री रणजीत सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष श्री विमल गुसाईं, सचिव श्री भूपेन्द्र सिंह नेगी, श्री रणजीत सिंह रावत, श्री बलबीर सिंह नेगी, पूर्व सूबेदार मेजर विलोचन जोशी, श्री अरुण भट्ट, श्री विनोद पोखरियाल, श्री रिंकू शर्मा और श्री धाम सिंह नेगी के साथ मातृशक्ति में श्रीमती विमला रावत, श्रीमती सरिता रावत, श्रीमती पावत्री तथा श्रीमती सविता ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा का संचालन उत्तराखंड विकास एवं सांस्कृतिक समिति के सांस्कृतिक सचिव आचार्य महावीर नैनवाल ने किया।







