अल्मोड़ा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अल्मोड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 28 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया है। थाना भतरौजखान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बाड़ीकोट तिराहा, भिकियासैंण में चेकिंग अभियान चलाया।
28 किलो अवैध गांजा बरामद
चेकिंग के दौरान मारुति स्विफ्ट डिजायर (यूके-18 वी-5195) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार चार युवकों के कब्जे से 28 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी पहाड़ी क्षेत्रों में घूमने की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुरदयाल सिंह, हरदयाल सिंह, हरप्रीत सिंह पुत्र जागीर सिंह तथा हरप्रीत सिंह पुत्र जसवीर सिंह के रूप में हुई है। इनमें से एक आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस अन्य आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।
इस मामले में थाना भतरौजखान में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बरामद गांजे के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है, ताकि तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।







