विकाश शुक्ला
उमरिया, मध्यप्रदेश। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर क्षेत्र की मझखेता बीट में प्रसिद्ध बाघिन डॉटी की मौत के बाद से उसके दो शावकों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। विदित हो कि 9 अक्टूबर को करीब 14-15 साल की डॉटी (टी-17) की मौत हुई थी। मां की मौत के बाद से दोनों शावक लापता हैं। जंगल में किस हाल में हैं और सुरक्षित हैं या नहीं, इन सवालों का जवाब 39 दिन बाद भी वन विभाग के पास नहीं है। विभाग ने शावकों की तलाश में 15 दिनों तक लगातार सघन गश्ती कराने, 10 ट्रैप कैमरे लगाने और हाथियों से जंगल में निगरानी कराने की जानकारी दी है, लेकिन इतनी कवायद के बाद भी शावकों की कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई।
मसलन पगमार्क के निशान देखकर जीवित होने का अंदेशा जताया जा रहा है, जबकि एरिया शिफ्ट होने के आशंका के साथ ही शावक नजर नही आये हैं। जिस जगह पर सामान्यतः शावक नजर आते थे, उससे कोसों दूर उनकी मौजूदगी की तश्वीर नहीं देखी गई। ऐसे में विभाग की गस्ती और सूचना तंत्र से लेकर मैदानी अमले सहित जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली कटघरे में है।
मग्धी की तरफ शिफ्ट होने की जता रहे आशंका
वन विभाग की ओर से शावकों के अपना इलाका बदलकर मगधी क्षेत्र की तरफ जाने की आशंका जताई जा रही है। इस क्षेत्र में पगमार्क मिलने की बात भी कही जा रही है। नियमित रूप से जंगल में सफारी पर जाने वाले टूरिस्ट गाइडों ने भी अधिकारियों को मगधी की तरफ बाघों की गतिविधियों और पगमार्क मिलने की जानकारी दी है। ये तमाम दावे विभाग के अफसर कर रहे हैं। हालांकि ये पगमार्क डॉटी के दोनों शावकों के ही हैं, इसकी कोई पुख्ता पुष्टि भी नहीं है।
पगमार्क तो मिले लेकिन शावक नहीं
नाम उजागर न करने की शर्त पर मामले से जुड़े जानकारों का कहना है, कि डॉटी की मौत के बाद से दोनों शावक आज तक किसी को दिखाई नहीं दिए हैं। न उनकी कोई तस्वीर सामने आई और न ही किसी ने उन्हें प्रत्यक्ष रूप से देखा है। ऐसे में केवल पगमार्क के आधार पर शावकों के मग्धी की तरफ चले जाने की बात कहना जल्दबाजी होगी। जबकि विभाग के अफसर कहते हैं कि पगमार्क मिले हैं, लेकिन शावकों की तश्वीर नहीं। जानकारों के मुताबिक इतने दिनों बाद भी शावकों का कोई पता नहीं चलना चिंता का विषय है।
15 दिन गश्ती, कैमरे और हाथी भी नहीं लगा पाए पता
वन विभाग का दावा है कि शावकों को खोजने के लिए लगातार प्रयास किए गए। 15 दिन तक सघन गश्ती हुई। 10 ट्रैप कैमरे लगाए गए। हाथियों की मदद से भी जंगल में तलाश कराई गई। बावजूद इसके दोनों शावकों का पता नहीं चल पाया। ऐसे में सवाल उठता है कि जब विभाग को उनकी मौजूदगी की जानकारी थी और तलाश के लिए तमाम इंतजाम भी किए गए थे, तो फिर अब तक कोई ठोस जानकारी क्यों नहीं मिल सकी ? क्या तलाश का दायरा पर्याप्त था या फिर निगरानी में कहीं कमी रह गई?
कटघरे में बीटीआर अमले की कार्यप्रणाली
बांधवगढ़ जैसे बड़े टाइगर रिजर्व में दो शावकों का इतने दिनों तक कोई सुराग नहीं मिलना वन प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। मां की मौत के बाद शावकों की निगरानी और सुरक्षा की जिम्मेदारी वन विभाग की थी। ऐसे में विभाग को स्पष्ट करना चाहिए कि दोनों शावकों की तलाश में जो पगमार्क मिले हैं उनकी पुष्टि डॉटी के शावकों के तौर पर हुई है या नहीं और उनकी तलाश के लिए आगे क्या योजना है। क्योंकि डॉटी की मौत के 39 दिन बाद भी उसके दोनों शावकों का कोई अता-पता नहीं है। विभाग की गश्ती और कैमरों की संख्या बताने से ज्यादा जरूरी अब यह बताना है कि दोनों शावक आखिर हैं कहां और किस हाल में हैं। क्योंकि यदि माना जाए कि वे ज़िंदा हैं तो उन दो शावकों की उम्र लगभग 17-19 माह होनी चाहिए।
इनका कहना है –
शावक का शायद कोर में मूवमेंट मिला था। आप ताला कोर रेंजर साहब से जानकारी ले लीजिए। बफर में कोई अपडेट नहीं आए हैं। कुछ शावक मिले हैं, लेकिन अभी वे कन्फर्म नहीं हैं कि वे उसी के हैं या नहीं। अभी हम चेकिंग करवा रहे हैं। –
– अंकित सोनी, वन परिक्षेत्राधिकारी, मानपुर बफर बीटीआर
शिफ्टिंग हो गई है मुझे लगता है। हमने 15 दिन तक लगातार गहन गस्ती कराई थी। 10 ट्रैप कैमरे लगाए थे। हाथियों से भी गस्ती कराई थी पंजे मिले थे लेकिन मुझे लगता है एरिया शिफ्ट हो गए हैं। क्योंकि अभी भी उन बच्चों का ट्रेस नहीं मिलता है जो टूरिस्ट गाइड रेगुलर जाते हैं वे बताते हैं कि शायद वे मग्धी साइड शिफ्ट हो गये हैं। हमने उधर कैमरे नहीं लगाए लेकिन वहां स्टाफ से पता लगवाया है तो वहां भी पगमार्क मिलते हैं। दूसरे जगह दिखे होंगे लेकिन जनरली जिस जगह दिखते थे वहां वे दिखाई नहीं दिए।
– राहुल किरार, वनपरिक्षेत्राधिकारी, ताला कोर बीटीआर







