नई दिल्ली। यूपी के सरकारी स्कूलों के बाहर ही लिखा होता है कि शिक्षार्थ आइए, सेवार्थ जाइए। लेकिन जब इन स्कूलों का दुरुपयोग होने लगे तो क्या कहिएगा। ऐसा ही एक वाकया बलिया में सामने आया है। यहां के एक प्राथमिक स्कूल में कथित तौर पर अश्लील डांस हुआ। यूपी के स्कूलों में अभी गर्मी की छुट्टी चल रही हैं। इसी दौरान ये घटना सामने आई। जब इस डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो जिम्मेदारों की आंखें खुली और कार्रवाई की बात कही जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बलिया के स्कूल में बिना बताए हो गया प्रोग्राम
बलिया के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में कथित तौर अश्लील डांस की वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि यहां एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें ये सब हुआ। मामला इतना ही नहीं है, बताया तो ये भी जा रहा कि पूरा प्रोग्राम ही अवैध रूप से करवाया जा रहा था। अब जिस व्यक्ति ने इस कार्यक्रम को करवाया है, उस पर कार्रवाई की जा रही है।
सीयर ब्लॉक के तारणपुर गांव के सरकारी स्कूल का है मामला
इस मामले में पता चला है कि बलिया के स्कूल में जो डांस हुआ, उसका वीडियो बना लिया गया था। जो सोमवार सुबह से ही चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा है कि ये यहां के सीयर ब्लॉक के तारणपुर गांव में स्कूल का है, जहां दो डांसर भी नजर आ रही हैं। इस मामले में जब बलिया के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि स्कूल तो 20 मई से 20 जून तक गर्मी के छुट्टी के लिए बंद हैं।
स्कूल के प्रधानाचार्य जनगणना के काम में व्यस्त
बलिया के बीएसए से जब इस मामले में बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस स्कूल के प्रधानाचार्य रमेश प्रसाद इस वक्त जनगणना के कार्य में व्यस्त हैं। वे पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। बीएसए सिंह का कहना है कि तारणपुर के राम बच्चू भारती की बेटी की 29 मई 2026 को शादी हुई थी। राम बच्चू भारती ने अवैध रूप से स्कूल परिसर में बारात रुकने की व्यवस्था की थी। इसी दौरान गीत और नृत्य प्रस्तुत करने वाला एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया था। सिंह ने ये भी बताया कि यहां के खंड शिक्षा अधिकारी सुनील चौबे और प्रधानाध्यापक रमेश प्रसाद ने सोमवार को ही एक शिकायत थाने में देकर मामले की एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। वहीं दूसरी ओर उभांव के थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने बताया कि उन्हें इस मामले की शिकायत मिली है। पुलिस इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।







