नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान को टेस्ट मैच में आसानी से हरा दिया। अब दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है जिसकी शुरुआत 13 जून यानी शनिवार से हो रही है। टेस्ट में भले ही अफगानिस्तान कमजोर साबित हुई हो, लेकिन सभी जानते हैं कि सफेद गेंद की लड़ाई में इस टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
सीमित ओवरों की क्रिकेट में अफगानिस्तान वो टीम है जो कई बड़े उलटफेर कर चुकी है। साल 2023 में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में तो अफगानिस्तान ने कई बड़ी टीमों को मात दी थी। भारत के खिलाफ भी ये टीम अपना दम दिखा चुकी है और परेशान कर चुकी है।
हेड टू हेड आंकड़े
अगर दोनों टीमों के बीच अभी तक खेले गए वनडे मैचों के आंकड़े देखे जाएं तो भारत का पलड़ा भारी रहा है। दोनों ने अभी तक चार मैच खेले हैं और तीन में भारत ने जीत हासिल की है। वहीं एक मैच टाई रहा था। ये मैच इस बात की बानगी है कि अफगानिस्तान की टीम कुछ भी कर सकती है। 25 सितंबर 2018 को एशिया कप में दोनों टीमें एक-दूसरे से भिड़ी थीं। दुबई में खेला गया ये मैच टाई रहा था।
अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट खोकर 252 रन बनाए थे। अफगानिस्तानी टीम ने ऐसी गेंदबाजी की थी की पूरी भारतीय टीम 252 रनों पर ही ढेर हो गई थी। तब की अफगानिस्तानी टीम में और अब की टीम में काफी अंतर है और इसलिए ये सीरीज भारत के लिए आसान नहीं है।
इन खिलाड़ियों से होगा बचना
अफगानिस्तान के कुछ खिलाड़ी भारत के लिए परेशानी पैदा कर सकते हैं। इनमें सबसे बड़ा नाम राशिद खान का है। राशिद के पास भारत में खेलने का अच्छा खासा अनुभव है। उनके अलावा रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, अजमतुल्लाह ओमरजई, गजनफर पर भी सभी की नजरें रहेंगी।







