नई दिल्ली। अब ट्रेन का सफर सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने का जरिया नहीं, बल्कि एक शानदार अनुभव बनने जा रहा है. मुंबई और बेंगलुरु के बीच जल्द ही चलने वाली नई ‘वंदे भारत स्लीपर’ ट्रेन के फर्स्ट एसी (First AC) कोच का पहला वीडियो सामने आया है और इसे देखकर लोग हैरान हैं. इसकी तुलना किसी लग्जरी होटल या 5 स्टार होटल के कमरे से की जा रही है.
एक वायरल वीडियो में इस ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच के अंदर का नजारा दिखाया गया है. इसमें यात्रियों के लिए बेहद खास प्राइवेट केबिन बनाए गए हैं. कोच के अंदर बेहतरीन लाइटिंग, प्रीमियम फिनिशिंग और खाली जगह का बहुत अच्छे से इस्तेमाल किया गया है, जिससे यह पूरी तरह से मॉडर्न और आलीशान दिखता है.
‘वंदे भारत स्लीपर’ को खास तौर पर लंबी दूरी की रातभर की यात्राओं के लिए तैयार किया गया है. मौजूदा वंदे भारत ट्रेनों में मुख्य रूप से चेयर कार व्यवस्था होती है, लेकिन नए स्लीपर वर्जन में यात्रियों को आरामदायक सोने की सुविधा मिलेगी. फर्स्ट एसी कोच में जगह का बेहतर उपयोग किया गया है, जिससे केबिन ज्यादा व्यवस्थित और आरामदायक दिखाई देते हैं. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर इसकी तुलना छोटे लग्जरी होटल रूम से की जा रही है.
क्या-क्या हैं इसमें खास सुविधाएं?
- शानदार केबिन और सीटें: रात के सफर को आरामदायक बनाने के लिए आलीशान सोने के इंतजाम.
- होटल जैसे टॉयलेट्स: पुराने बदबूदार टॉयलेट्स की जगह अब साफ और मॉडर्न बायो-टॉयलेट्स मिलेंगे.
- हाई-टेक सुरक्षा: यात्रियों की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगे होंगे.
- डिजिटल डिस्प्ले: सफर से जुड़ी हर जानकारी के लिए आधुनिक डिस्प्ले स्क्रीन.
मुंबई और बेंगलुरु के बीच हर दिन हजारों लोग बिजनेस और घूमने के सिलसिले में सफर करते हैं. ऐसे में यह ओवरनाइट ट्रेन यात्रियों का समय भी बचाएगी और उन्हें आरामदायक सफर का अनुभव देगी. फिलहाल ट्रेन के शुरू होने की तारीख का इंतजार है, लेकिन इसके पहले लुक ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है.







