नई दिल्ली। राजधानी में इस वर्ष आग लगने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। हाल के महीनों में हैजरानी, विवेक विहार, पालम और मालवीय नगर समेत कई इलाकों में हुए भीषण अग्निकांडों में कई लोगों की झुलसकर मौत हो चुकी है।
कई मामलों में संकरी गलियों और तंग रास्तों के कारण दमकल की बड़ी गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, जिससे राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ।
इसी चुनौती से निपटने के लिए दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) अपने बेड़े में 26 नई क्विक रिस्पांस व्हीकल (क्यूआरवी) शामिल करने जा रही है। इसके साथ ही विभाग को 20 नई मोटरसाइकिलें भी मिली हैं, जिनका उपयोग शुरुआती प्रतिक्रिया और त्वरित सहायता पहुंचाने में किया जाएगा।
वर्तमान में दमकल विभाग के पास 24 क्यूआरवी हैं, जिनकी संख्या बढ़कर 50 हो जाएगी। आगले चरण में 50 और क्यूआरवी को दमकल विभाग में शामिल करने की योजना है, जिससे कुल 100 क्यूआरवी बेड़े में शामिल हो जाएंगे।
पीसीआर यूनिट के साथ क्यूआरवी को लगाया जाएगा
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, क्यूआरवी आकार में छोटी और अत्याधुनिक अग्निशमन उपकरणों से लैस होती हैं। ये वाहन संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आसानी से पहुंचकर आग पर शुरुआती स्तर पर काबू पाने में मदद करेंगे। कई जगह क्यूआरवी को दिल्ली पुलिस की पीसीआर यूनिट के साथ रखा जाएगा।
अक्सर लोग आग लगने पर सबसे पहले पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करते हैं, जिससे सूचना फायर विभाग तक पहुंचने में कुछ समय लग जाता है। नई व्यवस्था में पुलिस और फायर दोनों टीमें एक साथ मौके पर पहुंच सकेंगी।
क्यूआरवी में क्या होगा खास
- इन मिनी दमकल गाड़ियों को मारुति क्सएल6 वाहनों को माडिफाई करके तैयार किया गया है।
- इनमें ”अल्ट्रा हाई-प्रेशर पंप एक्सटिंग्विशिंग सिस्टम” और 100 लीटर की पानी की टंकी लगाई गई है।
- यह पंप 21 लीटर प्रति मिनट की दर से पानी का छिड़काव करता है, जिससे आग को शुरुआती चरण में ही नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
50 और नई क्यूआरवी को किया जाएगा शामिल
दमकल विभाग आने वाले समय में 50 और नई क्यूआरवी अपने बेड़े में शामिल करने की योजना पर भी काम कर रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इन वाहनों के शामिल होने से राजधानी में अग्निशमन व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी और आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य पहले की तुलना में कहीं अधिक तेजी से किया जा सकेगा।







