नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज मंगलवार 14 जुलाई से होने जा रहा है। पहला मुकाबला भारतीय समयानुसार, 3.30 बजे बर्मिंघम के ऐजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम टी20 सीरीज का बदला लेने के इरादे से उतरेगी। इस मुकाबले में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के निशाने पर एक बड़ा माइलस्टोन पार करने का मौका होगा, जो अब तक दो भारतीय सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली पार कर सके हैं।
रोहित शर्मा के पास 12000 वनडे इंटरनेशनल रन पूरे करने का मौका
रोहित शर्मा ने अब तक भारत के लिए कुल 285 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 277 पारियों में 48.83 के औसत से कुल 11720 रन बनाए हैं। रोहित इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में अगर 280 रन बनाने में सफल हो जाते हैं तो वह वनडे क्रिकेट में अपने 12 हजार रन पूरे कर लेंगे। वह ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज होंगे।
भारत की ओर से सबसे ज्यादा वनडे इंटरनेशनल रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है, जिन्होंने 463 मैचों की 452 पारियों में 44.83 के औसत से 18426 रन बनाए। उनके बाद दूसरे स्थान पर विराट कोहली हैं, जो 311 मैचों की 299 पारियों में 58.71 के औसत से 14797 रन बना चुके हैं।
जानें कहां और कब खेले जाएंगे तीनों मुकाबले
टीम इंडिया चाहेगी की वह इस सीरीज को जीतकर इंग्लैंड से टी20 इंटरनेशनल सीरीज का हिसाब चुकता करे। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली इस वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जुलाई को बर्मिंघम के ऐजबेस्टन में खेला जाना है। वहीं, दूसरा वनडे 16 जुलाई को कार्डिफ के सोफिया गार्डंस में खेला जाएगा। जबकि तीसरा और आखिरी एकदिवसीय मुकाबला 19 जुलाई को लंदन स्थित लॉड्र्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाना है।






