प्रयागराज: भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने ममफोर्डगंज स्थित फिरोज गांधी के कब्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। इसके बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। प्रकाश पाल ने कहा कि राहुल गांधी देश को अपना असली धर्म और जाति बताएं। पूरा परिवार नकली है। राजनीति के लिए फिरोज गांधी को राहुल गांधी ने भुला दिया। अपने दादा को भूल गए हैं। गांधी परिवार ने फिरोज गांधी की कब्र पर आज तक दो फूल तक नहीं चढ़ाए। राहुल गांधी को यह बताना चाहिए कि वह किस जाति और धर्म को मानते हैं।
कहा कि इस देश में तीन तरह के हिंदू हैं, नकली, फसली और असली और हम लोग (भाजपा) असली हिंदू हैं। पुष्पांजलि अर्पित करने का क्या कारण है। इस सवाल के जवाब में भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि फिरोज गांधी एक महान स्वतंत्रता सेनानी सांसद और पत्रकार थे, इसलिए उन्हें याद किया गया और उनके ही पोते (राहुल गांधी) ने आज तक अपने दादा को याद नहीं किया। उन्होंने कहा कि जाति जनगणना में राहुल गांधी स्पष्ट करें अपनी जाति अन्यथा उन्हें कोर्ट में घसीटा जाएगा। राहुल गांधी और उनका परिवार सामने आए या न आए लेकिन भाजपा कार्यकर्ता फिरोज गांधी को याद करते रहेंगे।
इससे पहले ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष ने होटल आनंद कॉन्टिनेंटल में शुक्रवार को सुबह कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर 2027 के लिए पूरी तरह से तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार ओबीसी वर्ग को बहकाने का काम कर रहा है, लेकिन ओबीसी वर्ग उनके बहकावे में आने वाला नहीं है, क्योंकि डबल इंजन की सरकार सबका साथ सबका विकास के मार्ग पर चल रही है। मोर्चा कार्यकर्ता सजग और सावधान रहे विपक्ष के दुष्प्रचार को विफल करने के लिए।







