नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में चल रही केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक का समापन हो गया. यह अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक तकरीबन साढ़े तीन घंटे तक चली, जिसमें पीएम मोदी ने सभी विभागों के मंत्रियों को विशेष निर्देश दिए हैं. उन्होंने मंत्रियों से जनता पर सभी योजनाओं के केंद्र में रखकर काम करने पर जोर दिया है.
उन्होंने कहा कि इस बात पर विशेष फोकस रखा जाए कि देश की जनता को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ सीधे तौर पर मिले और आसानी से मिले. सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने पिछले महीने सितंबर में हुई बैठक में बनाए गए प्लान को लेकर फीडबैक भी लिया.
फिलीपींस दौरा से लौटने के बाद पीएम मोदी ने पहली बैठक
पीएम मोदी ने यह अहम बैठक अपने दो दिवसीय मनीला दौरे के खत्म होने के बाद नई दिल्ली लौटने के कुछ ही घंटों के बाद की है. उन्होंने फिलीपींस की राजधानी मनीला में 16-17 नवंबर को आयोजित 49वें आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था और फिलीपींस से लौटने के तुरंत बाद पूरी मंत्रिपरिषद की यह पहली बैठक थी.
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में पीएम मोदी ने मंत्रियों से पिछली बैठक के बाद से हुए कामकाज की प्रगति और लंबित कार्यों का हिसाब लिया. साथ ही, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और आगे की रणनीति के साथ-साथ सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं पर विशेष चर्चा की.
बैठक में सितंबर में हुए चिंतन शिविर के दौरान मंत्रियों को सौंपे गए लक्ष्यों और जिम्मेदारियों पर अब तक हुई प्रगति का आकलन किया गया. इस दौरान तीन महत्वपूर्ण प्रेजेंटेशन के जरिए सरकार की प्राथमिकताओं और प्रमुख योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई, जिसमें गरीबी उन्मूलन और वामपंथी उग्रवाद के खात्मे को लेकर प्रेजेंटेशन शामिल रही. बैठक का मुख्य फोकस साफ रहा, कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सुशासन के लक्ष्य सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें.
बैठक में नशे के खिलाफ अभियान पर भी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशे के खिलाफ अभियान को कड़ाई से चलाने की बात कही. नशे के मुद्दे पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री भावुक भी नजर आए. उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में देश और देश के युवाओं को नशे के चंगुल से बचाना है.
बैठक के केंद्र में विकसित भारत 2047
इस अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक के केंद्र में विकसित भारत 2047 का रोडमैप रहा. इससे पहले सितंबर में हुई चिंतन शिविर के रूप में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में भी विकसित भारत 2047 पर जोर दिया गया था. उस बैठक के बाद विजन@2047 के शॉर्ट-टर्म और लॉन्ग टर्म रोडमैप को तैयार करने के लिए सचिवों के 10 सेक्टोरल समूहों का गठन किया गया था. इसके तहत विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के साथ व्यापक विचार-विमर्श भी किया गया.
बुधवार को हुई बैठक में इस रोडमैप की प्रगति की समीक्षा की गई. प्रधानमंत्री और सभी विभागों के मंत्रियों ने इस बात का आकलन किया कि सितंबर की बैठक के बाद से इस दिशा में कितना काम हुआ है और 2047 के लक्ष्य को तय समय पर हासिल करने के लिए अभी किन-किन कामों को जोर देकर पूरा करना बाकी है.







