नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री यशस्वी (PM-YASASVI – प्रधानमंत्री यंग अचीवर्स स्कॉलरशिप अवॉर्ड स्कीम फॉर वाइब्रेंट इंडिया) सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की एक अम्ब्रेला छात्रवृत्ति योजना है। योजना के माध्यम से अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (EBC) तथा विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू जनजातियों (DNT) के छात्रों के लिए शैक्षिक अवसरों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक बाधाओं को कम कर पात्र छात्रों को समावेशी, समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
PM-YASASVI योजना के चार प्रमुख घटक
- प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना
- पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना
- टॉप क्लास एजुकेशन इन स्कूल्स योजना
- टॉप क्लास एजुकेशन इन कॉलेज्स योजना
इन सभी योजनाओं का लाभ पात्र OBC, EBC और DNT वर्ग के विद्यार्थियों को दिया जाता है। यह योजना शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के साथ-साथ ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को भी मजबूती प्रदान करती है।
आर्थिक बोझ कम करने पर जोर
सरकार के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य पात्र छात्रों को वित्तीय सहायता प्रदान कर उन्हें स्कूल से लेकर उच्च शिक्षा तक की पढ़ाई बिना आर्थिक कठिनाइयों के पूरी करने में मदद करना है।
सामाजिक और शैक्षिक समानता की दिशा में कदम
सरकार ने कहा कि PM-YASASVI योजना सामाजिक और शैक्षिक रूप से वंचित समुदायों के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे इन वर्गों के विद्यार्थियों की शिक्षा तक पहुंच बढ़ेगी और उनके समग्र विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।
लोकसभा में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा ने लिखित उत्तर में बताया कि PM-YASASVI अम्ब्रेला योजना के तहत छात्रों को शिक्षा के विभिन्न स्तरों पर वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए चार प्रमुख छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं।







