नई दिल्ली। कावंड़ियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने श्रावण मास में गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार और जाने वाले शिवभक्तों के लिए 6 स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है। साथ ही चार ट्रेनों का रूट भी बढ़ाया है। ये ट्रेनें दिल्ली से हरिद्वार स्टेशन के बीच 30 जुलाई से 14 अगस्त तक चलेंगी। साथ ही कांवड़ रूट पर 4410 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।
मुरादाबाद मंडल रेल प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि कांवड़ियों की सुविधा के लिए छह विशेष मेला स्पेशल अनारक्षित ट्रेनों का संचालन करेगा। साथ ही चार ट्रेनों का हरिद्वार स्टेशन तक संचालन विस्तार किया जाएगा।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 74022 और 74023 दिल्ली शामली दिल्ली डीएमयू का हरिद्वार स्टेशन तक संचालन विस्तार किया गया है। दोनों ट्रेनें 30 जुलाई से 13 अगस्त तक दिल्ली स्टेशन से और 31 जुलाई से 14 अगस्त तक हरिद्वार स्टेशन से प्रतिदिन संचालित होगी। दिल्ली सहारनपुर दिल्ली मेमू का भी हरिद्वार स्टेशन तक संचालन विस्तार होगा। दोनों ट्रेनें 30 जुलाई से 13 अगस्त तक दिल्ली और 31 जुलाई से 14 अगस्त तक हरिद्वार स्टेशन से रोजाना चलेगी।
वहीं ट्रेन हरिद्वार दिल्ली शाहदरा हरिद्वार अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेन 30 जुलाई से 13 अगस्त तक संचालित होगी। हरिद्वार से गुजरने वाली ट्रेन संख्या 04315 और 04316 योग नगरी ऋषिकेश दिल्ली शाहदरा योग नगरी ऋषिकेश का सहित अन्य ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
कांवड़ मेले के लिए ₹6.30 करोड़ जारी
कांवड़ मेले में लाखों शिवभक्तों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा निगम ने मेला मार्गों पर अस्थाई पथ प्रकाश की व्यापक व्यवस्था शुरू कर दी है। कांवड़ यात्रा के दौरान रात के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हरिद्वार और रुड़की मंडल के प्रमुख मार्गों पर 120.60 लाख रुपये की लागत से कुल 6265 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। हरिद्वार मंडल में 1855 और रुड़की मंडल में 4410 एलईडी लाइटें स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा कांवड़ मेले से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए शासन की ओर से करीब 6.30 करोड़ रुपये भी जारी किए गए हैं, जिससे तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मालूम हो कि 30 जुलाई से हरिद्वार में कांवड़ मेला शुरू हो रहा है।
मेला व्यवस्थाओं को पूरा करने में जुटे अधिकारी
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सभी विभाग मेला व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में जुटे हैं। ऊर्जा निगम ने पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए पूरे क्षेत्र को हरिद्वार और रुड़की मंडल में विभाजित किया है। निगम के अधीक्षण अभियंता प्रदीप चौधरी ने बताया कि हरिद्वार मंडल में 45.20 लाख रुपये की लागत से सीसीआर टावर से धनौरी तक 1152 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। वहीं साधना चौक, बैरागी कैंप, शनिदेव चौक, पायलट बाबा आश्रम और मातृ सदन मार्ग पर 114 एलईडी लाइटें स्थापित होंगी। इसके अलावा काली मंदिर, चंडीघाट पुल, चंडी पुल पार्किंग, तिरछा पुल, चिड़ियापुर, रसियाबड़, कोटद्वार रोड और कोतवाली बॉर्डर तक 434 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। पंतदीप पार्किंग से पावन धाम तक चार एलईडी लाइटें तथा संपूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त 151 एलईडी लाइटों की व्यवस्था की जाएगी।
कांवड़ रूट पर 4410 एलईडी लाइटें लगेंगी
रुड़की मंडल में 75.40 लाख रुपये की लागत से 4410 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके तहत दौलतपुर से मोहम्मदपुर तक 1941 एलईडी लाइटें स्थापित होंगी। क्रिस्टल वर्ल्ड से सोनाली पुल तक 470 तथा धनौरी से सोनाली पुल तक भी 470 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। वहीं धनौरी से काली नदी बायपास, भगवानपुर तक 1529 एलईडी लाइटों से पूरे मार्ग को रोशन किया जाएगा। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन मार्गों पर की जा रही है, जहां कांवड़ियों की आवाजाही सबसे अधिक रहती है।
ऊर्जा निगम के अधिकारियों के अनुसार अस्थाई पथ प्रकाश लगाने का कार्य तेजी से जारी है। सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर निर्धारित समय सीमा के भीतर लाइटें स्थापित कर दी जाएंगी, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले संपूर्ण मार्ग रोशनी से जगमगा उठे। प्रशासन का मानना है कि बेहतर पथ प्रकाश व्यवस्था से रात के समय श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित होगी, दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और यातायात संचालन भी सुचारु बना रहेगा। इसी उद्देश्य से संबंधित विभाग लगातार कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
व्यापारियों ने की कांवड़ मेले व्यवस्थाओं पर चर्चा
हरिद्वार। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष डा.विशाल गर्ग ने भीमगोडा, भूपतवाला एवं खड़खड़ी इकाई के पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक कर कांवड़ मेले व्यवस्थाओं पर चर्चा की। बैठक में व्यापारियों ने कांवड़ मेले के दौरान होने वाली विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। डा.विशाल गर्ग को भाजपा के प्रचार एवं साहित्य विभाग का प्रदेश सहसंयोजक बनाए जाने पर व्यापारियों ने उनका स्वागत किया और शुभकामनाएं दी।
डा.विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को शासन एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखकर समाधान कराया जाएगा। बैठक के दौरान व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की कि कांवड़ मेला शुरू होने से पूर्व प्रमुख बाजारों, संपर्क मार्गों एवं कांवड़ यात्रा मार्गों से अस्थायी अतिक्रमण हटाकर पर्याप्त पैदल मार्ग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पार्किंग, सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जाए।







