नई दिल्ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जिले गोरखपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. कौस्तुभ ने एक साथ 42 पुलिसवालों को लाइन हाजिर कर दिया है। एसएसपी के इतने बड़े ऐक्शन से महकमे में हड़कंप मच गया है। कहा जा रहा है कि जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए एसएसपी ने यह बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। एसएसपी की इस कार्रवाई की जद में आने वाले पुलिसकर्मियों में सात उपनिरीक्षक, एक मुख्य आरक्षी और 34 आरक्षी शामिल हैं।
एसएसपी के आदेश के अनुसार चौकी टीपी नगर के उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह, विश्वविद्यालय चौकी के गिरीश मिश्र, कैंट के शक्ति रंजन, गुलरिहा के अभिषेक कुशवाहा, हरपुर बुदहट के ओम प्रकाश, कैंपियरगंज के अमित सिंह तथा रामगढ़ताल के उपेन्द्र कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। वहीं गोरखनाथ थाने के मुख्य आरक्षी राजेश सिंह को भी पुलिस लाइन भेजा गया है। इसके अलावा कोतवाली, तिवारीपुर, गगहा, शाहपुर, हरपुर बुदहट, कैंपियरगंज, पीपीगंज, झंगहा, गीडा, सहजनवा, बेलघाट, खोराबार, चिलुआताल, रामगढ़ताल, बड़हलगंज, पिपराइच, उरुवा, गोरखनाथ, राजघाट, कैंट, गुलरिहा, गोला और चौरीचौरा थानों में तैनात 34 आरक्षियों को भी उनके वर्तमान कार्यस्थलों से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को अनुशासन मजबूत करने और फील्ड स्तर पर कार्यप्रणाली में सुधार के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि एसएसपी ने इस बड़ी कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही, शिथिलता और कार्य में उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। इस फैसले के बाद पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन को लेकर सख्ती बढ़ने की चर्चा है। पुलिसवाले सतर्क हो गए हैं। कहा जा रहा है कि कार्रवाइयों का ये सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है।
गैंगस्टर एक्ट में दो गिरफ्तार
इस बीच गोरखपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गोरखपुर की झंगहा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष अनूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खोराबार क्षेत्र के रामनगर करजहां निवासी गुड्डू निषाद उर्फ रामबाबू उर्फ रामकुमार और सीताराम को लक्ष्मीपुर-बेलीपार मार्ग स्थित तरकुलानी नाला पुल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी चोरी, नकबजनी समेत कई आपराधिक घटनाओं में सक्रिय थे और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।







