सतीश मुखिया
मथुरा। मैथिल ब्राह्मण महासभा (रजि.) जनपद मथुरा के जिलाध्यक्ष पद पर बुधवार को पंडित बच्चू शर्मा ‘ठेकेदार’ को सर्वसम्मति से निर्विरोध चुन लिया गया। उनके निर्वाचन की घोषणा होते ही समाज के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
ट्रांसपोर्ट नगर स्थित लटूर प्रधान फार्म हाउस में आयोजित चुनावी बैठक का शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। बैठक की अध्यक्षता महासभा के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामदेव भारद्वाज ने की। चुनाव प्रक्रिया से पहले जिलाध्यक्ष श्यामलाल मिश्रा ने अपने कार्यकाल का विवरण प्रस्तुत करते हुए कार्यकारिणी सहित इस्तीफा सौंपा। इसके बाद नए जिलाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें उपस्थित समाजजनों ने सर्वसम्मति से बच्चू शर्मा ‘ठेकेदार’ के नाम का समर्थन किया। इसके बाद उन्हें निर्विरोध जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया गया।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष बच्चू शर्मा ने समाज के वरिष्ठजनों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समाज में एकता बनाए रखने तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि समाजहित सर्वोपरि रहेगा और सभी को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला आईटी संयोजक सतेंद्र मैथिल बेरीवाल ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी हरिकिशन बाबूजी, पूर्व चेयरमैन दाऊजी मैथिल ठेकेदार, बाबूलाल शर्मा, नगर अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, हरियाणा सेवा दल अध्यक्ष राकेश शर्मा, राजस्थान अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार मैथिल, सेवा समिति अध्यक्ष लक्ष्मीकांत शर्मा, गंभीर शर्मा, पं. गंगेश्वर शर्मा, पं. वीरपाल मिश्रा, कोसी नगर महासचिव सुभाष चंद्र शर्मा एडवोकेट, सतीश चंद शर्मा, विष्णु कुमार मैथिल, डॉ. गिर्राज शर्मा, ब्रजमोहन पाराशर, पवन मैथिल, ज्योतिराम शर्मा, मुकेश मैथिल, सुरेंद्र शर्मा, कमल मैथिल, ओमप्रकाश मैथिल, हुकुमचंद शर्मा और बिजेंद्र मैथिल सहित उत्तर प्रदेश, हरियाणा एवं राजस्थान से बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।







