नई दिल्ली। श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इतिहास रच दिया है. इस टेस्ट के पहले दिन यानी रविवार को ऋषभ पंत पुल शॉट खेलते समय चोटिल हो गए थे. इसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा था, लेकिन दूसरे दिन सोमवार को पंत ने चोटिल कलाई से दो दिग्गजों के रिकॉर्ड तोड़ दिए. ये दो दिग्गज इंटरनेशनल क्रिकेट के जाने-माने बल्लेबाज रहे हैं.
श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी में ऋषभ पंत ने 89 गेंद में 63 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 2 छक्के निकले. इसके साथ ही ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में तीसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ यह बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया. पंत के नाम अब टेस्ट में 102 छक्के हो गए हैं. वहीं गिलक्रिस्ट के नाम टेस्ट में 100 छक्के हैं. अब पंत से आगे ब्रेंडन मैकुलम (107 सिक्स) और बेन स्टोक्स (138 सिक्स) हैं.
एमएस धोनी के इस रिकॉर्ड को भी पंत ने तोड़ा
ऋषभ पंत ने पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी के एक बड़े रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है. पंत अब विदेश में या न्यूट्रल वेन्यू पर टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं. पंत ने 30 रन बनाते ही यह बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था. पहले एमएस धोनी (2,496 रन) के नाम यह रिकॉर्ड था, लेकिन अब पंत ने धोनी को पीछे छोड़ दिया है. टेस्ट क्रिकेट में ऋषभ पंत का यह 21वां अर्धशतक रहा. पंत टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारत के दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं. उनसे आगे सिर्फ एमएस धोनी हैं.







