नई दिल्ली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर झण्डेवाला मंदिर की ओर से धूमधाम से शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का सुंदर मंचन किया गया। इस अवसर पर सदर बाजार, करोलबाग, पटेलनगर व पहाडग़ंज में शोभायात्रा निकाली गई। झंडेवाला मंदिर द्वारा स्थापित ब्लड सेंटर की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सारे रास्ते में भारी संख्या में लोग झांकियों पर पुष्प वर्षा करते रहे।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी झण्डेवाला मंदिर की ओर से मंदिर का ध्वज, सेवादार, मां का डोला, कीर्तन मंडलिया व झांकियां इस शोभायात्रा में शामिल हुए जिससे इस शोभायात्रा की भव्यता दर्शनीय बन गई। पूरे यात्रा मार्ग में स्थानीय मंदिरों, गुरद्वारों, मार्केट एसोसिएशन व अन्य संस्थाओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
मंदिर की झांकियों के अतिरिक्त अन्य संस्थाओं द्वारा भव्य झांकियां तैयार की गई। मंदिर के लगभग 500 सेवादारों ने इसमें भाग लिया। शोभायात्रा के अंत में मंदिर की सफाई टोली यात्रा मार्ग की सफाई करती हुई चली।








