नई दिल्ली। उत्तराखंड में अगले साल विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं और इससे पहले भाजपा और कांग्रेस तैयारियों में जुट गई है। दोनों ही दल एक दूसरे को लगातार अलग-अलग मुद्दों पर घेर रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अब कांग्रेस के सभी नेताओं को नाराज फूफा करार दिया है। सीएम ने कहा है कि कांग्रेस के सभी नेता इन दिनों नाराज फूफा बने हुए हैं। धामी ने इसके अलावा राज्य की जमीनों को उत्तराखंड इनवेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट बोर्ड-यूआईआईडीबी के जरिए उद्योगपतियों को बेचने के कांग्रेस के आरोपों पर करारा जवाब दिया है।
सीएम ने कहा है कि उत्तराखंड की जमीन कोई हरी घास नहीं जो कोई भी आकर चर जाए। हमारी सरकार ने 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया उससे इन्हें बहुत परेशानी, कांग्रेस के नेताओं ने तब इस पर एक शब्द तक नहीं बोला। कभी ये नहीं कहा कि धामी सरकार ने अच्छा काम किया। हमने मियां की उपाधि ऐसे ही थोड़े न दी है। जिनकी राजनीति लंबे समय तक परिवारवाद और तुष्टिकरण के इर्द-गिर्द घूमती रही, उन्हें आज पारदर्शिता, सुशासन और विकास की राजनीति रास नहीं आ रही है।’
अतिक्रमण पर भी जमकर सुनाया
पुष्कर सिंह धामी ने आगे कहा ‘बनभूलपुरा में इतना बड़ा अतिक्रमण है जो आपके समय में आपकी पार्टी के लोगों ने बसाया कभी उसके बारे में भी बोलिए। हरी चादर, नीली चादर यहां चादर वहां चादर डालकर हजारों हजार एकड़ जमीन कब्जा कर रखी थी उसपर भी आपके मुंह से एक शब्द नहीं निकलता।’
धामी ने कहा ‘प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए UIIDB का गठन किया गया है। कांग्रेस के समय जमीनें बिकती थीं, आज हर व्यवस्था पारदर्शी है।’
शुद्धिकरण विवाद पर क्या बोले?
शुद्धिकरण विवाद पर सीएम ने कहा ‘जिस तरह से कांग्रेस ने शुद्धिकरण को जाति से जोड़ने का काम किया वो पूरे बेनकाब हो गए हैं और अब उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं है। सारी जांच हो गई है, हवन शुद्धि यज्ञ जिहादी नारों के विरोध में हुआ था। उसका शुद्धि हवन करने वाले अनुसूचित वर्ग, वाल्मिकी, शिल्पकार समाज के लोग थे। और उन्हीं पर आरोप लगाया दिया कि वह जाति का अपमान कर रहे हैं जातिगत बात कर रहे हैं। इस नैरेटिव को पूरे देश में फैलाने की कोशिश की लेकिन वह असफल रही।’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी बरसे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुस्लिमों को कांग्रेस का दोगलापन समझाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के सनातनी यह बात पहले से ही समझते हैं और अब मुस्लिम भी यह समझें।
रविवार को भट्ट ने कहा कि अवैध धर्मांतरण, लव जिहाद, लैंड जिहाद सबको कांग्रेस संरक्षण देती है, लेकिन मुस्लिमों से जुड़े शब्द विशेष से उसे दिक्कत है। कांग्रेस का यह दोगलापन मुस्लिम भाइयों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मौका देखकर बयान बदलती है।







