नई दिल्ली। गणपति विसर्जन का दिन भक्तों के लिए भावनाओं से भरा होता है। कई दिनों तक घरों और पंडालों में विराजमान रहने के बाद भगवान गणेश को श्रद्धा और भक्ति के साथ विदाई दी जाती है। आज यानी 25 सितंबर 2026 को देशभर में गणेश जी का विसर्जन किया जा रहा है। इस दिन भक्त पूरे भाव और धूमधाम के साथ अपने प्रिय लाडले बप्पा को जल में प्रवाहित कर उनसे अगले बरस शीघ्र आने की प्रार्थना करते हैं।

प्राचीन ऐतिहासिक झण्डेवाला देवी मन्दिर में गणेश उत्सव 14 सितंबर, 2026 से प्रारंभ हुआ था जो आज 25 सितंबर, 2026, गणेश चतुर्दशी को विसर्जन के साथ समाप्त हो गया है।

आज प्रात: 10.00 बजे विधिवत आरती के पश्चात मंदिर से भक्तों द्वारा नाचते गाते प्रतिमा की शोभा यात्रा निकाली गई । प्रतिमा को बैंड बाजे के साथ पास के पार्क में इस निमित्त बनाये गये विशेष ताल में विसर्जित कर दिया गया। बडी संख्या में भक्तों के अतिरिक्त मंदिर के अधिकारी व पुरुष और महिला सेवादार विसर्जन में सम्मिलित हुए।

गणपति विसर्जन आस्था, भक्ति और नई शुरुआत का प्रतीक भी माना जाता है। भक्त भगवान गणेश से सुख, समृद्धि, शांति और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करते हैं।







