प्रकाश मेहरा
स्पेशल डेस्क
नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने सोमवार को संघ के 100 वर्षों के सफर और स्वयंसेवकों के समर्पण को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ किसी की कृपा या मेहरबानी पर नहीं, बल्कि स्वयंसेवकों के त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के बल पर आगे बढ़ रहा है। संघ को आगे बढ़ाने में उन प्रचारकों की अहम भूमिका है, जो व्यक्तिगत लाभ की अपेक्षा किए बिना अपना पूरा जीवन संगठन और समाज के लिए समर्पित कर देते हैं।
नागपुर में नागरिक सहकारी बैंक के मुख्यालय एवं सभागार के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा कि संघ ने अपने 100 वर्ष पूरे किए हैं और आज भी निरंतर आगे बढ़ रहा है। यह उपलब्धि किसी की कृपा से नहीं, बल्कि लाखों स्वयंसेवकों के कर्तव्यबोध और समर्पण का परिणाम है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे।
भागवत ने कहा कि “समय के साथ हमारी प्रतिस्पर्धा है और इसलिए कार्य की गति तेज करने की आवश्यकता है। समाज में बिगड़ाव की रफ्तार और सुधार के प्रयासों के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ना होगा। इसके लिए प्रत्येक स्वयंसेवक अपनी क्षमता और परिस्थितियों के अनुसार संगठन एवं समाज के लिए योगदान देता है।
उन्होंने स्वयंसेवकों के योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि कुछ लोग अपना समय देकर सक्रिय रूप से कार्य करते हैं, जबकि कुछ लोग अपने जीवन, व्यवहार और आचरण के माध्यम से समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं। हर व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण है।
भागवत के इस बयान ने एक बार फिर संघ की कार्यशैली, प्रचारकों के त्याग और स्वयंसेवकों के निस्वार्थ समर्पण को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।







