नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण के तहत पूनामल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन किया. करीब 4,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस कॉरिडोर पर पीएम मोदी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के साथ मेट्रो में सफर भी किया. इस दौरान राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर भी मौजूद रहे. प्रधानमंत्री ने खुद टिकट खरीदा और टिकट काउंटर पर मौजूद कर्मचारी से बातचीत की.
15 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर 11 स्टेशन
चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण के कॉरिडोर-4 के तहत तैयार यह नया रूट करीब 15 किलोमीटर लंबा है. इसमें 11 एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं. इसकी खासियत 3.7 किलोमीटर लंबा डबल-डेकर ढांचा है. यहां बिना ड्राइवर वाली मेट्रो चलाने के लिए आधुनिक सिग्नल सिस्टम लगाया गया है. इस रूट के शुरू होने से पश्चिमी उपनगरों और चेन्नई के मुख्य इलाकों के बीच सफर आसान होगा.
यात्रियों के लिए कब से शुरू होगी सेवा?
चेन्नई मेट्रो के मुताबिक, रविवार को नई येलो लाइन पर शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक ट्रेनें चलेंगी. वहीं, सोमवार यानी 12 अक्टूबर से नियमित सेवाएं सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक उपलब्ध रहेंगी. इस रूट पर पूनामल्ली बाईपास, पूनामल्ली बस अड्डा, पोरूर चौक और वडापलानी समेत कुल 11 स्टेशन हैं.







