विकाश शुक्ला
उमरिया, मध्यप्रदेश। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी पर जाने वाले पर्यटकों के लिए एक जरूरी खबर प्रकाश में आई है। यहां 1 नवंबर से सफारी और टिकट बुकिंग की नई समय-सारणी लागू कर दी गई है। इसके तहत पर्यटक अब सुबह और शाम दोनों पालियों में जंगल सफारी का आनंद ले सकेंगे। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने इसकी जानकारी दी।
विदित हो कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अपने घने जंगलों, प्राकृतिक खूबसूरती और बाघों की अच्छी मौजूदगी के लिए देश-दुनिया में जाना जाता है। यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक बाघों के दीदार और जंगल के रोमांच का अनुभव लेने पहुंचते हैं। ऐसे में सफारी के समय में हुए बदलाव की जानकारी पर्यटकों के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
टिकट और सफारी का बदला समय
पर्यटकों के लिए जंगल सफारी करने के लिए मिलने वाले टिकट के समय का निर्धारण में बदलाव किया गया है। बीटीआर के टिकट काउंटर से सुबह की सफारी के लिए टिकट सुबह 5:15 बजे से 7:30 बजे तक मिलेगा। शाम की सफारी के लिए टिकट दोपहर 1:30 बजे से शाम 4 बजे तक उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं शाम 6 बजे से 7:30 बजे तक टिकट दिए जाएंगे। इस दौरान पर्यटक टिकट काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकते हैं।
वहीं बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कोर और बफर क्षेत्र में सुबह की सफारी का समय सुबह 6 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं शाम की सफारी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होगी।
जंगल सफारी से पहले रखें ध्यान :
पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पहुंचने से पहले सफारी और टिकट काउंटर की निर्धारित समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। इससे टिकट बुकिंग और सफारी के दौरान होने वाली संभावित असुविधा से बचा जा सकेगा। प्रबंधन ने पर्यटकों से नई समय-सारणी के अनुरूप ही अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है, ताकि वे निर्धारित समय पर जंगल सफारी का आनंद ले सकें।







