नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (11 नवंबर, 2026) को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक की. इस अहम बैठक में उन्होंने पांच बड़े फैसले लिए, जिसमें उन्होंने नोएडा से ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो विस्तार को भी मंजूरी दी है. इसे लेकर पीएम मोदी ने कहा, ‘जैसे-जैसे नोएडा और ग्रेटर नोएडा का विस्तार हो रहा है, वैसे-वैसे लोगों का रोजाना का सफर लंबा क्यों होना चाहिए? नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है!’
उन्होंने कहा, ‘केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार को मंजूरी दे दी है. इसके प्रमुख फायदों में ऑफिसों, स्कूलों, अस्पतालों और कमर्शियल हब्स तक पहुंच आसान होगी. ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी. रोजाना की यात्रा में कम समय लगेगा और कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ ही लोगों के जीवन को भी ज्यादा सहूलियत मिलेगी.’
8.449 किलोमीटर लंबा होगा मेट्रो नेटवर्क विस्तार
केंद्रीय कैबिनेट की तरफ से इस संबंध में बुधवार (11 नवंबर) को आधिकारिक बयान भी जारी किया गया है. बयान में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने नोएडा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के तहत एक्वा लाइन मेट्रो कॉरिडोर के विस्तार को मंजूरी दे दी है. यह कॉरिडोर नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक विस्तारित किया जाएगा. इसकी कुल लंबाई 8.449 किलोमीटर होगी और इस पर 5 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे. इस कॉरिडोर के शुरू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सक्रिय मेट्रो रेल नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 71.878 किलोमीटर हो जाएगी.’
मेट्रो विस्तार के पीछे क्या है उद्देश्य?
केंद्रीय कैबिनेट की तरफ से जारी बयान में मेट्रो विस्तार के पीछे के उद्देश्य के बारे में भी जानकारी दी गई. बयान में कहा गया, ‘इस विस्तार का उद्देश्य नोएडा के कई प्रमुख क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ना है. इनमें कमर्शियल हब्स, प्रमुख MNCs और IT हब्स, एजुकेशनल इंस्टीट्यूट्स, क्रिटिकल हेल्थकेयर फेसिलिटीज और प्रमुख रेसिडेंशियल सोसाइटीज शामिल हैं.’
यह भी कहा गया, ‘इन महत्वपूर्ण इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने से न सिर्फ कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. इससे रोजगार, कारोबार, शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन करने वाले निवासियों और यात्रियों को सुविधा होगी. शहरी परिवहन से जुड़ी चुनौतियों का समाधान करने और भविष्य में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार का आधार तैयार करने वाली यह परियोजना नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विकास और सस्टेनिबिलिटी की दिशा में अहम योगदान देगी.’







