लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर के बीजेपी ने अपनी तैयारी को जोर देना शुरू कर दिया है. बीजेपी बूथ स्तर तक अपने मतदाताओं को जोड़ने के लिए जहां एक तरफ कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ अब बीजेपी गांव तक अपना संगठन का नेटवर्क मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है.
विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी ‘पंचायत महाअभियान’ शुरू करने जा रही है. इसके तहत नगर निकायों से लेकर ग्राम पंचायतों तक के वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों को सक्रिय किया जाएगा. पार्टी इन प्रतिनिधियों को चुनावी जिम्मेदारी सौंपकर गांव-गांव तक अपनी पहुंच बढ़ाएगी.
दिल्ली में तैयार हुआ ब्लूप्रिंट
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के सामने इस अभियान का खाका तैयार किया गया है. इसमें प्रदेश बीजेपी के पदाधिकारी भी शामिल रहे. अभियान को जमीन पर उतारने के लिए जिला और मंडल स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सूची तैयार कराई जाएगी. इसमें महापौर, नगर पालिका और नगर पंचायत के प्रतिनिधियों के साथ जिला पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर के चुनिंदा प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा.
पूर्व जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ेगी पार्टी
भारतीय जनता पार्टी अपने इस अभियान में मौजूदा जनप्रतिनिधियों के साथ पूर्व प्रतिनिधियों से भी मदद लेगी. पंचायत और निकायों के पूर्व प्रतिनिधियों की भी सूची तैयार की जाएगी. उनसे संपर्क कर उन्हें संगठन और चुनाव से जुड़ी जिम्मेदारियां दी जाएंगी. इनके जरिए स्थानीय मतदाताओं तक आसानी से पहुंच बनाई जा सकती है. महाअभियान के तहत ग्राम स्तर पर छोटी-छोटी सभाएं और परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी.
इनमें लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा उनसे मिल रहे लाभों की जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा सहभोज जैसे कार्यक्रम भी होंगे. इनमें प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी और पार्टी के बड़े नेता शामिल होकर लोगों से संवाद करेंगे.
घर-घर तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता
पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को और पदाधिकारी को हर एक घर-घर तक पहुंचाने का लक्ष्य दिया है. इसीलिए इस अभियान में एक अहम हिस्सा घर-घर संपर्क का भी रखा गया है. जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्र में मतदाताओं से सीधा संवाद करने की जिम्मेदारी दी गई है. इसके जरिए लोगों की समस्याएं, सरकार के प्रति उनकी प्रतिक्रिया और स्थानीय मुद्दों की जानकारी जुटाई जाएगी. पार्टी इन फीडबैक के आधार पर चुनावी रणनीति को भी धार देगी.







