नई दिल्ली: आजकल कई लोग 60 साल की उम्र तक नौकरी नहीं करना चाहते. वे 45 से 50 साल की उम्र में ही रिटायर होकर अपनी पसंद की जिंदगी जीना चाहते हैं. लेकिन जल्दी रिटायरमेंट के लिए सिर्फ बचत करना काफी नहीं है. इसके लिए सही निवेश और पैसों के इस्तेमाल की योजना भी जरूरी है.
क्या हैं 3 फॉर्मूले?
इस रणनीति में रिटायरमेंट के लिए जमा किए गए पैसों को तीन अलग-अलग हिस्सों में बांटा जाता है. हर बकेट का अलग काम होता है.
डेली के खर्च के लिए
डेली की जरूरतों के लिए पैसा रख सकते है. इसमें घर का खर्च, बिजली बिल, राशन, दवाइयां और दूसरे जरूरी खर्च शामिल हैं. इस पैसे को सेविंग अकाउंट या लिक्विड फंड जैसे आसानी से निकाले जा सकने वाले विकल्पों में रखा जा सकता है.
अगले कुछ सालों के लिए बचत
दूसरे बकेट में अगले 3 से 7 साल के खर्चों के लिए पैसा रखा जाता है. इसके लिए FD और कम जोखिम वाले डेट फंड जैसे विकल्पों पर विचार किया जा सकता है. इसका मकसद पैसे को सुरक्षित रखते हुए कुछ रिटर्न कमाना है.
लंबे समय के लिए निवेश
तीसरे बकेट में लंबे समय के लिए पैसा निवेश किया जाता है. इसमें इक्विटी म्यूचुअल फंड और शेयर बाजार जैसे विकल्प शामिल हो सकते हैं. इनसे लंबे समय में पैसा बढ़ाने का मौका मिलता है, लेकिन बाजार में जोखिम भी रहता है.
कितना पैसा होना चाहिए?
50 साल से पहले रिटायरमेंट लेने के लिए अपने मंथली खर्च, महंगाई, स्वास्थ्य खर्च और भविष्य की जरूरतों का हिसाब लगाएं. 3-बकेट रणनीति से आप अपने पैसों को बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं. हालांकि, इसमें भी रिटर्न की गारंटी नहीं होती. इसलिए निवेश से पहले अपनी जरूरत और जोखिम उठाने की क्षमता जरूर समझें.







