नई दिल्ली: रेलवे ने 1 नवंबर 2024 से एडवांस टिकट बुकिंग का समय 120 दिन से घटाकर 60 दिन कर दिया था. जिसके चलते पैसेंजर अब यात्रा की तारीख से 60 दिन पहले ट्रेन का रिजर्व टिकट बुक कर सकते हैं. पहले यात्री यात्रा से 120 दिन पहले तक की टिकट बुक कर सकते थे. लेकिन इतनी लंबा समय होने के कारण कई लोग पहले टिकट बुक कर लेते थे और बाद में अपनी टिकट कैसिंल कर देते थे. इससे दूसरे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में परेशानी होती थी. अब रेलवे इस समय को और कम करने पर विचार कर सकता है. यानी अब इस समय को 60 दिन से कम किया जा सकता है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रेलवे अब इस बात पर विचार कर रहा है कि क्या मौजूदा बुकिंग विंडो को कम करने की जरूरत है। बुकिंग के पुराने डेटा और यात्रियों के मौजूदा रिजर्वेशन ट्रेंड को देखते हुए, इसे घटाकर 30 से 45 दिन कर सकता है।
अगर यह प्रस्ताव मंजूर हो जाता है, तो यात्रियों के पास अपनी ट्रेन यात्रा की योजना बनाने और एडवांस में टिकट बुक करने के लिए कम समय (छोटी विंडो) होगा।
यात्रियों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
- यात्री यात्रा की तारीख से 60 दिन पहले सामान्य रिजर्व टिकट बुक कर सकते हैं.
- यात्रा का दिन 60 दिनों की गिनती में शामिल नहीं होता.
- टिकट की बुकिंग IRCTC की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से की जा सकती है.
- कुछ विशेष ट्रेनों के लिए अलग बुकिंग नियम लागू हो सकते हैं.
- विदेशी पर्यटकों के लिए 365 दिन पहले टिकट बुक करने की सुविधा जारी है।
क्या फिर बदल सकता है टिकट बुकिंग का नियम?
रेलवे समय-समय पर टिकट बुकिंग से जुड़े नियमों की समीक्षा करता है. यात्रियों की जरूरत और टिकट बुकिंग के आंकड़ों को देखकर बदलाव किए जा सकते हैं. हालांकि, 60 दिन की मौजूदा बुकिंग अवधि में किसी नए बदलाव की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.







