नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जन्मजयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सराय काले खां स्थित बांसेरा पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने प्रतिमा के पास ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनजातीय गौरव दिवस पर दिए गए संबोधन को भी सुना.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत पूरे देश में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस पहल से देश के कोने-कोने में रहने वाले जनजातीय समुदायों को मुख्यधारा और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने का काम हो रहा है. उन्होंने बताया कि 4 करोड़ से अधिक एससी-एसटी और जनजातीय समुदाय के लोगों को पक्के मकान मिले हैं.
उन्होंने कहा कि 50 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया है. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी जहां बिजली नहीं पहुंची थी, वहां इस सरकार ने बिजली पहुंचाने का काम किया है. मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी के लोन मिलने से सभी वर्गों के लोगों को इसका लाभ मिला है.
15 नवंबर 2024 को भगवान बिरसा मुंडा चौक किया गया नामकरण
बता दें कि केंद्र सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती (15 नवंबर 2024) पर सराय काले खां आईएसबीटी चौक का नाम बदलकर भगवान बिरसा मुंडा चौक कर दिया था. साथ ही बांसेरा पार्क में उनकी भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई थी. प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2021 में घोषणा की थी कि 15 नवंबर को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा, ताकि जनजातीय नायकों के योगदान को सम्मान मिल सके.
इस अवसर पर दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया और भगवान बिरसा मुंडा के स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए योगदान को याद किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज को सम्मान और विकास दोनों मिलें, यही सच्ची श्रद्धांजलि है.






