नई दिल्ली। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए टेस्ट मैच में दमदार प्रदर्शन का फायदा मिला है। उन्होंने आईसीसी की गेंदबाजों की ताजा टेस्ट रैंकिंग्स में लंबी छलांग लगाई है। वहीं बल्लेबाजों में भारत के तीन बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है।
बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में चार विकेट लिए, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने एक विकेट हासिल किया। इस शानदार प्रदर्शन की वजह से तीन स्थानों का फायदा हुआ और वो संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए। वो अब नंबर-1 की कुर्सी हासिल करने से बस ए कदम दूर हैं।
नंबर-1 बनने पर जसप्रीत बुमराह की नजर
बुमराह दमदार प्रदर्शन के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए। उनके 856 रेटिंग प्वाइंट्स हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क 881 रेटिंग अंक के साथ टॉप पर मौजूद हैं। बुमराह की नजर अब दूसरे टेस्ट में शानदार प्रदर्शन कर नंबर-1 पर काबिज होने पर होगी।
बुमराह के अलावा, इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने दो स्थानों का छलांग लगाया और बुमराह के साथ दूसरे पायदान पर काबिज हो गए। मार्को यानसेन को दो स्थान का नुकसान हुआ। वो चौथे पर आ गए, जबकि न्यूजीलैंड के मैट हेनरी दो स्थानों के नुकसान के साथ पांचवें नंबर पर खिसक गए।
साउथ अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा को दो स्थानों का फायदा मिला। वो नंबर-6 पर पहुंच गए हैं। स्कॉट बोलैंड दो पायदानों के नुकसान के साथ 8वें नंबर पर खिसक गए हैं।
बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीयों का जलवा
टेस्ट की बल्लेबाजों की रैंकिंग्स में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिल रहा है। ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 128 रनों की पारी खेली थी। उन्हें एक स्थान का फायदा हुआ और वो छठे पायदान पर पहुंच गए।
कप्तान शुभमन गिल ने 98 रन ठोके और तीन स्थानों की फायदे के साथ सातवें नंबर पर आ गए। यशस्वी जायसवाल ने तीन स्थान की छलांग लगाई और नौंवे पायदान पर पहुंच गए। हैरी ब्रूक अभी भी टॉप पर बने हुए हैं।







