विकाश शुक्ला
उमरिया, मध्य प्रदेश। जिले के पाली तहसील क्षेत्र अंतर्गत घुनघुटी – गिठौरी गांव में जंगल बचाने की लड़ाई अब ग्रामीणों के जीवन और अस्तित्व का सवाल बन गई है। श्री बजरंग पावर एन्ड इस्पात लिमिटेड की प्रस्तावित कोल ब्लॉक परियोजना के विरोध में ग्रामीण लगातार आंदोलन कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार अनशन के 13 दिन बीतने के बाद भी उनका विरोध जारी है। जंगल में पेड़ों की कटाई रोकने के लिए महिलाएं और पुरुष पेड़ों से लिपटकर खड़े हो रहे हैं। वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके स्थल पर ग्रामीणों को समझाने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन आंदोलन के बीच 90 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की बात ने ग्रामीणों की भावनाओं को आवाज दे दी। उन्होंने कहा “हमें मार डालो, लेकिन हम अपना जंगल नहीं छोड़ेंगे।”

यह आवाज उस पीड़ा को सामने लाती है, जिसे गांव के आदिवासी परिवार लंबे समय से महसूस कर रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार इन परिवारों का जीवन जंगल से जुड़ा है। महुआ, तेंदूपत्ता, लाख, हर्रा, बहेड़ा और खैर जैसी वनोपज उनके जीविकोपार्जन का प्रमुख साधन हैं। जंगल से ही उनकी जरूरतें पूरी होती हैं और पीढ़ियों से उनका जीवन इसी प्राकृतिक परिवेश में बीतता आया है। ग्रामीणों को डर है कि खनन परियोजना से जंगल प्रभावित हुआ तो उनकी रोजी-रोटी और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी संकट में पड़ जाएगा।

मामला प्रस्तावित कोल ब्लॉक और पेड़ों की कटाई के विरोध का
जिले के पाली तहसील अंतर्गत घुनघुटी, गिठौरी और पतनारकला गांव को मिलाकर पथौरा वेस्ट कोल ब्लॉक (सोहागपुर कोलफील्ड्स) में श्री बजरंग पावर एन्ड इस्पात लिमिटेड को कोयला खनन के लिए प्रस्तावित कोल ब्लॉक परियोजना आवंटित की गई है, जिसे लेकर ग्रामीणों का विरोध है। उनका आरोप है कि परियोजना के लिए पेड़ों की कटाई से प्राकृतिक वन क्षेत्र प्रभावित होगा। ग्रामीणों की मांग है कि कटाई पर रोक लगाकर परियोजना के पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभावों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। स्थानीय लोगों की सहमति, वन अधिकारों और आजीविका से जुड़े पहलुओं को भी निर्णय में प्राथमिकता दी जाए।

जंगल के साथ पानी और खेती की भी चिंता
ग्रामीणों को आशंका है कि कोयला खनन से क्षेत्र के जलस्रोतों और भूजल स्तर पर असर पड़ सकता है। इससे कुएं, तालाब और सिंचाई के साधन प्रभावित होने का खतरा है। खेती-किसानी पर निर्भर परिवारों के सामने पानी की समस्या खड़ी हो सकती है। वहीं खनन से निकलने वाली धूल और भारी वाहनों की आवाजाही से वायु प्रदूषण तथा ध्वनि प्रदूषण बढ़ने की भी चिंता है। इस क्षेत्र के जंगल वन्यजीवों के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घुनघुटी का वन क्षेत्र बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और अचानकमार टाइगर रिजर्व के बीच वन्यजीवों की आवाजाही के लिहाज से संवेदनशील है। जंगल का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित होने से वन्यजीवों के रहवास और आवागमन पर असर पड़ेगा। हाल ही में भालू की ट्रेन से टकराकर हुई मौत के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामसभा की अनुमति को लेकर भी उठे सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पेसा कानून के तहत ग्रामसभा की प्रक्रिया और स्थानीय आदिवासी समुदाय की सहमति को उचित महत्व नहीं दिया गया। उनका दावा है कि गांव में विधिवत ग्रामसभा आयोजित किए जाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। साथ ही कुछ लोगों के नाम ग्रामसभा में जोड़कर कोल ब्लॉक परियोजना के लिए अनुमति दर्शाए जाने की शिकायत है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्रामसभा की मूल कार्यवाही रजिस्टर, बैठक की सूचना, उपस्थिति पत्रक, प्रस्ताव की प्रति और सहमति से जुड़े दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि ग्रामसभा की बैठक नियमानुसार हुई थी या नहीं और उसमें दर्ज सहमति वास्तविक रूप से ग्रामीणों की थी या नहीं। क्योंकि विरोध में धरने पर बैठे कई ग्रामीणों ने ग्राम सभा मे सहमति देने से इंकार किया है।
समझाइश के बाद भी आंदोलन जारी
विरोध को देखते हुए पाली तहसीलदार और अनुविभागीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दे चुके हैं, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर कायम हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी कंपनी की भाषा बोल रहे हैं और पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे पेड़ों की कटाई रोकने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पर्यावरण, जलस्रोतों, वन्यजीवों तथा स्थानीय आबादी पर पड़ने वाले प्रभावों का आकलन कराने की मांग कर रहे हैं। घुनघुटी-गिठौरी में जारी यह आंदोलन उन परिवारों की आवाज है, जिनका जीवन जंगल के साथ जुड़ा हुआ है।
ग्रामीण चाहते हैं कि किसी भी परियोजना पर निर्णय लेने से पहले उनके अधिकारों, आजीविका और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को ध्यान में रखा जाए। फिलहाल गांव में अनशन जारी है और ग्रामीण अपने जंगल को बचाने के संकल्प के साथ डटे हुए हैं।







