नई दिल्ली: पिछले लोकसभा चुनाव की बात है, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई जनसभाओं में खुद को देशवासियों का चौकीदार करार दिया था। जिसके बाद राहुल गांधी ने चुनावी सभाओं के दौरान पीएम के खिलाफ तंज कसते हुए एक नारा दिया- ‘चौकीदार चोर है’, राहुल के इस बड़बोलेपन के चलते कांग्रेस की जमकर किरकिरी हुई थी और भाजपा ने राहुल के इस हमले का जवाब उन्हीं के अंदाज में दिया, मगर भाजपा का लहजा राहुल गांधी से काफी अलग था।
साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा समर्थकों की जुबान पर जो सबसे चर्चित नारा था वो था- ‘मैं भी चौकीदार’, दरअसल ये महज एक राजनीतिक नारा नहीं था, बल्कि भाजपा की ओर से कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी को जवाब था। राहुल ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा था कि ‘चौकीदार चोर है’, इसी के जवाब में देशभर में उस वक्त ये नारा- मैं भी चौकीदार की गूंज सुनाई थी। अब आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 से पहले ‘मैं भी केजरीवाल’ अभियान शुरू करने का ऐलान किया है।
चार जनवरी से शुरू होगा ‘मैं भी केजरीवाल’ अभियान
आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक ने शनिवार को कहा कि हस्ताक्षर अभियान की सफलता के बाद पार्टी अगले साल चार जनवरी से ‘मैं भी केजरीवाल’ जनसंवाद पहल शुरू करेगी। एक से 30 दिसंबर तक चलाए गए ‘मैं भी केजरीवाल’ हस्ताक्षर अभियान के तहत लोगों से इस पर राय मांगी गई थी कि अगर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाता है तो क्या उन्हें इस्तीफा देना चाहिए या पद पर बने रहना चाहिए। पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘आप’ के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) पाठक ने घर-घर अभियान की सफलता को लेकर और चार जनवरी से शुरू होने वाले आगामी ‘मैं भी केजरीवाल’ अभियान के लिए पार्टी कैडर के प्रशिक्षण के संबंध में पार्टी मुख्यालय में एक बैठक बुलाई।
अगर केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाता है तो..?
बैठक में दिल्ली के मंत्री इमरान हुसैन और पार्टी नेता दिलीप पांडे, जरनैल सिंह, कुलदीप कुमार, ऋतुराज झा, राजेश गुप्ता, गुलाब सिंह और जितेंद्र सिंह तोमर शामिल हुए। आप के सभी विधायक, पार्षद, जिला अध्यक्ष और जिला सचिव भी मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए पाठक ने ‘मैं भी केजरीवाल’ हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘अभियान ने अनुमान से कहीं अधिक सफलता हासिल की। इस सफलता को आगे बढ़ाने के लिए, पार्टी अब दिल्ली में ‘मैं भी केजरीवाल जनसंवाद’ अभियान शुरू कर रही है, जो चार जनवरी 2024 से शुरू हो रहा है।’
उन्होंने कहा, ‘हमने दिल्लीवासियों को बताया कि कैसे (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी सरकार आम आदमी पार्टी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को खत्म करने की साजिश रच रही है। हमने लोगों को बताया कि जो कोई भी मोदी सरकार से सवाल करता है तो उसे निलंबित कर दिया जाता है या जेल में डाल दिया जाता है। अगर मोदीजी किसी से डरते हैं, तो वह अरविंद केजरीवाल हैं।’







