लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2024 का खुमार सर चढ़कर बोल रहा है। एक ओर जहां चुनावी दंगल में उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है। वहीं इस कड़कड़ाती धूप और भीषण गर्मी होने के बावजूद आम जनता और चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों का जोश हाई है। सात चरण में सम्पन्न होने वाले लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए 20 मई यानी कल वोटिंग होनी है। इस चरण में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर समेत कई कद्दावर नेताओं की किस्मत दांव पर लगी है। इसी बीच चुनाव ड्यूटी में लगी लाल सूट वाली मैडम चर्चा में आ गई हैं। बता दें, पिछले चुनाव में पीली साड़ी पहने रीना द्विवेदी नाम की महिला अधिकारी ने खूब सुर्खियां बंटोरी थी।
मांग में सिंदूर, माथे पर बिंदी और चटक लाल सूट
दरअसल सोमवार को लखनऊ, मोहनलालगंज, रायबरेली, अमेठी समेत 14 लोकसभा और लखनऊ पूर्वी विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। पांचवें चरण की वोटिंग कराने आए सभी चुनाव अधिकारियों को चुनावी सामग्री बांट दी गई है। इसी बीच चुनाव सामग्री लेने आई एक महिला अधिकारी की तस्वीरें देखते ही देखते वायरल हो गई है। महिला अधिकारी की चर्चाएं उनके ग्लैमरस लुक की वजह से हो रही है। मांग में सिंदूर, माथे पर बिंदी और चटक लाल कलर का सूट में महिला अधिकारी किसी हीरोइन से कम नहीं लग रही है। कड़कड़ाती इस धूप में महिला अधिकारी ने हाथों में चुनावी सामग्री भी पकड़ रखी है। चुनाव ड्यूटी में लगे लखनऊ जिले की सभी पोलिंग पार्टियां पूरे उत्साह के साथ अपने अपने बूथों के लिए सकुशल रवाना हो गए हैं।
कौन हैं लाल सूट वाली महिला अधिकारी?
महिला अधिकारी का शिखा सिंह चौहान है। शिखा सिंह की ड्यूटी लखनऊ के कैंट इलाके में लगाई गई है। खबरों की माने तो शिखा सिंह चौहान की यह पहली चुनावी ड्यूटी है। बैंक अधिकारी शिखा सिंह को सेकेंड मतदान अधिकारी के रूप में इस चुनाव में जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताते चले कि यह कोई पहला बार नहीं है जब चुनाव ड्यूटी में लगी महिला अधिकारी ने सुर्खियां बंटोरी हो। इससे पहले लखनऊ में ही पीली साड़ी वाली महिला अधिकारी रीना द्विवेदी भी पिछले चुनावों में खूब चर्चाओं में रही थी। पीली साड़ी की वजह से उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बना ली है। इसी क्रम में इस बार शिखा सिंह चौहान नाम की महिला अधिकारी ने सुर्खियां बंटोरी है।







