नई दिल्ली (विशेष डेस्क): नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी 2026 री-एग्ज़ाम का परिणाम जारी कर दिया है। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है। जारी परिणाम के अनुसार पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल गुप्ता ने संयुक्त रूप से परीक्षा में शीर्ष स्थान (ऑल इंडिया रैंक-1) हासिल किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस वर्ष करीब 11.21 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इनमें 58 प्रतिशत से अधिक सफल उम्मीदवार लड़कियां हैं, जो एक बार फिर मेडिकल प्रवेश परीक्षा में छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है।
आर्यन गुप्ता ने साझा किया सफलता का अनुभव
री-एग्ज़ाम में संयुक्त टॉपर बने आर्यन गुप्ता से एग्जीक्यूटिव एडिटर प्रकाश मेहरा ने विशेष बातचीत की। अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए आर्यन ने कहा, “मैंने पहली रैंक हासिल की है। मैंने 720 में से 715 अंक प्राप्त किए हैं। इसके लिए मैंने बहुत मेहनत की है। कई बार मुझे नींद भी नहीं आती थी। मुझे लगता है कि मैं जितना कर सकता था, मैंने उतना किया। यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। मेरे परिवार, शिक्षकों और सभी शुभचिंतकों की खुशी देखकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।”
आर्यन ने अपनी उपलब्धि का श्रेय लगातार मेहनत, अनुशासन और परिवार व शिक्षकों के सहयोग को दिया।
19 छात्रों ने बनाए 700 से अधिक अंक
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार 19 अभ्यर्थियों ने 720 में से 700 से अधिक अंक हासिल किए हैं। यह प्रदर्शन दर्शाता है कि री-एग्ज़ाम में भी छात्रों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
पेपर लीक के बाद दोबारा हुई थी परीक्षा
गौरतलब है कि नीट यूजी 2026 की मूल परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर दोबारा परीक्षा आयोजित की गई, जिसे लेकर अभ्यर्थियों और अभिभावकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई थी। अब एनटीए ने री-एग्ज़ाम का परिणाम जारी कर दिया है, जिससे लाखों छात्रों का इंतजार समाप्त हो गया है।







