मुंबई। मार्वल स्टूडियोज की फिल्मों के फैंस बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं एवेंजर्स: डूम्सडे का। इसी बीच डिज्नी प्लस व मार्वल स्टूडियोज ने दे दिया है एक लंबा-चौड़ा होमवर्क, ताकि समझ आए डूम्सडे की पहेली…
किसी फिल्म को समझने के लिए फैंस अक्सर उसकी कहानी देखने आते हैं मगर एवेंजर्स: डूम्सडे (Avengers: Doomsday) की बात अलग है। अपनी फिल्मों को एक-दूसरे से बेहद बारीकी से गूंथने में उस्ताद मार्वल मूवीज (Marvel Movies) एक बार फिर ऐसा ही करने जा रहे हैं। एवेंजर्स: डूम्सडे के लिए मार्वल स्टूडियोज व डिज्नी प्लस ने 15 फिल्मों की एक आधिकारिक फाउंडेशनल वॉच लिस्ट जारी की है।
मार्वल स्टूडियोज ने फैंस को दी मस्ट वॉच लिस्ट
मार्वल स्टूडियोज (Marvel Studios) के अनुसार, यदि आप तीन अलग-अलग यूनिवर्स (अर्थ-616, अर्थ-828 का फैंटास्टिक फोर और फाक्स का एक्स-मैन यूनिवर्स) के टकराने का पूरा रोमांच समझना चाहते हैं, तो आपको 15 चुनिंदा प्रोजेक्ट्स को देखना ही होगा।
इस लिस्ट में एक्स-मैन, कैप्टन अमेरिका: द फर्स्ट एवेंजर, द एवेंजर्स, एवेंजर्स: इनफिनिटी वार, एवेंजर्स: एंडगेम, लोकी (सीजन 1 व 2), शैंग ची एंड द लीजेंड आफ द टेन रिंग्स, स्पाइडरमैन: नो वे होम, ब्लैक पैंथर: वकांडा फारएवर, डाक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स आफ मैडनेस, डेडपूल एंड वोल्वेरीन, कैप्टन अमेरिका: ब्रेव न्यू वर्ल्ड, थंडरबोल्ट्स, द फैनटैस्टिक फोर फर्स्ट स्टेप्स का नाम शामिल है।
39 घंटे 38 मिनट लंबी यह मूवी मैराथन लिस्ट
मार्वल फैंस के लिए किसी गोल्डमाइन से कम नहीं है। इनकी मदद से जहां डाक्टर डूम को रोकने के मार्वल के सबसे बड़े अस्त्रों का पता लगेगा तो वहीं डाक्टर डूम के असली घर और इतिहास को समझने की कड़ियां जुड़ेंगी। साथ ही ये फिल्में इसे भी समझने में मदद करेंगी कि अलग-अलग यूनिवर्स का टकराव कितना खतरनाक हो सकता है और उन्हें बचाने का तरीका कहां से सामने आएगा।







