नई दिल्लीः दिल्ली के स्वास्थ्य और ट्रांसपोर्ट मंत्री डॉक्टर पंकज सिंह ने शुक्रवार को अपना पदभार संभाल लिया। मंत्रालय में कार्यभार संभालने के दौरान पंकज सिंह ने कहा कि हमने कल से ही अपना काम शुरू कर दिया हैं। मैं भरोसा दिलाता हूं जो भी हमने वादा किया है। उसे पूरा किया जाएगा। पीएम मोदी ने जनता से जितने भी वादे किए से सभी पूरे किए जाएंगे।
मोहल्ला क्लिनिक की कराएंगे जांचः मंत्री
मंत्री ने कहा कि मोहल्ला क्लिनिक को लेकर बहुत शिकायते हैं। हम इसकी जांच कराएंगे। पंकज सिंह ने साफ तौर पर कहा कि दिल्ली में हम चल रही योजनाओं को बंद नहीं करेंगे लेकिन जांच करके सच्चाई सामने लाएंगे और जिसने भ्रष्टाचार किया उससे रिकवरी करेंगे। मंत्री पंकज सिंह ने जनता से वादा किया कि हम दिल्ली में बेस्ट स्वास्थ सेवाएं लोगों को देंगे।
डीटीसी बसों में महिलाओं की फ्री यात्रा जारी रहेगी
पंकज सिंह ने कहा कि मुझे जानकारी मिली है कि सालों से दिल्ली में बस नहीं खरीदी गई लेकिन बसों के पीछे ऐड छपवाए गए। ये सब किनसे किया इसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। बसों में महिलाओ के लिए फ्री यात्रा जारी रहेगी। हम जनता की सेवा के लिए आए हैं। मेरी शपथ से दो दिन पहले माता जी का देहांत हो गया। अब पार्टी ही मेरी माता हैं। हम उसकी सेवा करेंगे।
रविंद्र इंद्राज सिंह बोले- ग्रामीण इलाकों में विकास करेंगे
वहीं, नवगठित दिल्ली मंत्रिमंडल में शामिल किये गये बवाना के विधायक रविंद्र इंद्राज सिंह ने शुक्रवार को कहा कि वह मंत्री के तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को प्राथमिकता देंगे। दिल्ली सरकार में सामाजिक कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण, सहकारिता एवं निर्वाचन विभाग संभालने वाले सिंह ने कहा कि वह भावी चुनौतियों को समझते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यहां रहने के कारण मैं समस्याओं को पहले से जानता हूं। विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव में उनकी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले ग्रामीण इलाकों में प्रगति की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे मिले मतों को मैं लोगों का आशीर्वाद मानता हूं और मैं सुनिश्चित करूंगा कि विकास हर कोने तक पहुंचे।






