नई दिल्ली: दिल्ली में बीजेपी के विधायक अनिल शर्मा ने आम आदमी पार्टी पर बड़ा हमला किया है। पिछले 10 सालों में कई घोटालों की बात करते हुए अनिल शर्मा ने कहा कि बारी बारी से जनता के सामने ये टक्कर बेईमान साबित होंगे। आरके पुरम से बीजेपी विधायक अनिल शर्मा ने मोहम्मदपुर गांव का नाम बदलने की मांग भी दोहराई है।
CAG रिपोर्ट को लेकर अनिल शर्मा कहते हैं कि घोटाले लगातार देखने को मिलेंगे। पहले शराब घोटाला सामने आया और अभी स्वास्थ्य के ऊपर रिपोर्ट आई है। स्वास्थ्य पर सिर्फ पहली रिपोर्ट है, दूसरी रिपोर्ट भी आनी है। इसके अलावा अलग-अलग चीजों पर जैसे शीशमहल, बस घोटाला, स्कूलों में कमरे बनाने के नाम पर घोटाले, कुल 14 रिपोर्ट हैं। हरेक रिपोर्ट चरणबद्ध तरीके से आएगी।
दिल्ली में डस्टबिन घोटाला भी हुआ- अनिल शर्मा
बीजेपी विधायक अनिल शर्मा ने दिल्ली में डस्टबिन घोटाले का भी आरोप लगाया है। अनिल शर्मा कहते हैं कि चुनाव के समय आरके पुरम में इस घोटाले को मैंने मुद्दा बनाया था। इसको लेकर कैंपेन भी चलाया था। कथित घोटाले के बारे में बताते हुए अनिल शर्मा कहते हैं- ‘एक डस्टबिन होता है, जो अगर आप उसे ऑनलाइन लेना चाहिए तो 3 हजार रुपये उसकी कीमत है, लेकिन इन्होंने (AAP सरकार) वही डस्टबिन 15 हजार रुपये में खरीदकर आरके पुरम में लगभग एक हजार जगह लगाए थे। इन्होंने (AAP) ने 3 हजार रुपये की चीज 15 हजार में खरीदी तो समझ सकते हैं कि कितना बड़ा घोटाला है।’
मोहम्मदपुर गांव के नाम पर अनिल शर्मा की मांग
मोहम्मदपुर गांव के मसले पर उन्होंने कहा कि मैंने दो दिन पहले विधानसभा स्पीकर को लेटर दिया है। हो सकता है सोमवार को इस पर दिल्ली विधानसभा में बात हो। अनिल शर्मा बताते हैं कि कॉरपोरेशन से ये नाम पहले ही बदला जा चुका है। एक गांव का नाम बदलना है तो इसलिए बिना दिल्ली विधानसभा से पास हुए मान्य नहीं होगा। इसलिए मैंने विधानसभा स्पीकर को लेटर दिया है, जिसके अंदर लिखा है कि लोगों की भावनाओं और परिस्थिति के हिसाब से इसका नाम मोहम्मदपुर गांव से बदलर माधवपुर किया जाए।
AAP के आरोपों पर भी अनिल शर्मा का आया जवाब
मोहम्मदपुर गांव के मसले पर AAP के आरोपों को लेकर भी अनिल शर्मा ने जवाब दिया और विस्तार से काम गिनवाए। अनिल शर्मा कहते हैं- ‘जब से दिल्ली में सरकार बनी है, अगर आरके पुरम और दिल्ली की बात करूं तो दिल्ली के अंदर जितने मंत्री हैं, उन्होंने अलग-अलग विभागों की मीटिंग ली है। मुख्यमंत्री ने अलग-अलग विभागों की मीटिंग के अलावा अपने दौरे रखे हैं। पीडब्ल्यूडी मंत्री डिफेंस कॉलोनी में जहां पानी भरता था, वहां दौरा कर चुके हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। इसी तरह सभी मंत्री अपने विभागों में दौरा कर रहे हैं और काम कर रहे हैं।’
बीजेपी विधायक ने आगे बताया- ‘दो दिन पहले ही मैंने आरके पुरम में सांसद बांसुरी स्वराज के साथ 7 विकास कार्यों की शुरुआत की। हमने लोगों को वादा किया था कि विधायक आपके द्वार आएंगे तो हम इलाकों में बैठने लगे हैं। रविवार को मैं खुद 4 अलग-अलग इलाकों में बैठा। अधिकारियों के साथ दौरा किया और लोगों से समस्याएं सुनीं। हमें शपथ लिए 10 दिन हुए हैं, इन 10 दिनों में हमने कई कामों की शुरुआत भी कर दी। अलग-अलग विभागों के साथ बैठकें भी कर लीं।’ उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि हम सिर्फ नाम बदल रहे हैं। इन लोगों (AAP) ने तो नाम भी नहीं बदले। हम नाम बदलेंगे और काम भी करेंगे।







