नई दिल्ली : दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और मंत्री आतिशी की ओर से आम आदमी पार्टी के विधायकों को खरीदने वाले बयान पर बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर अरविंद केजरीवाल झूठ बोल रहे हैं। जैसा कि वह पिछले सात बार से कर रहे हैं। एक बार भी नहीं बता पाए कि उनसे संपर्क करने के लिए किस फोन नंबर का इस्तेमाल किया गया था। उनसे किसने संपर्क किया और बैठक कहां हुई।
कपिल मिश्रा ने कहा, ‘सीएम अरविंद केजरीवाल सिर्फ बयान देते हैं और छिप जाते हैं। उनके साथी जेल में हैं। वह बार-बार ईडी के समन से बच रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि उनके पास ईडी के सवालों के जवाब नहीं हैं। दिल्ली सरकार पर कई भ्रष्टाचार के आरोप हैं। उनके झूठ को दिल्ली की जनता समझ चुकी। उन्हें ईडी के सामने पेश होना चाहिए। इस तरीके से वो अब ज्यादा सरकार नहीं चला पाएंगे।’
आप ने बीजेपी पर दिल्ली सरकार गिराने के लिए षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके विधायकों से इसके लिए संपर्क किया गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को एक्स पर कहा, ‘पिछले दिनों बीजेपी ने हमारे दिल्ली के सात विधायकों से संपर्क कर कहा है – कुछ दिन बाद केजरीवाल को गिरफ़्तार कर लेंगे। उसके बाद विधायकों को तोड़ेंगे। 21 विधायक से बात हो गई है, औरों से भी बात कर रहे हैं। उसके बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिरा देंगे। आप भी आ जाओ। 25 करोड़ रुपये देंगे और भाजपा के टिकट से चुनाव लड़वा देंगे।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हालांकि उनका दावा है कि उन्होंने 21 विधायकों से संपर्क किया है, लेकिन हमारी जानकारी के मुताबिक़ उन्होंने अभी तक सात विधायकों को ही संपर्क किया है और सबने मना कर दिया।’ उन्होंने कहा ‘इसका मतलब किसी शराब घोटाले की जांच के लिए मुझे गिरफ़्तार नहीं किया जा रहा बल्कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिराने के लिए षड्यंत्र कर रहे हैं। पिछले नौ सालों में हमारी सरकार गिराने के लिए इन्होंने कई षड्यंत्र किए, लेकिन इन्हें कोई सफलता नहीं मिली। भगवान ने और जनता ने हमेशा हमारा साथ दिया। हमारे सभी विधायक भी मज़बूती से साथ हैं। इस बार भी ये लोग अपने नापाक इरादों में फेल होंगे।’
केजरीवाल ने कहा, ‘ये लोग जानते हैं कि दल्लिी की जनता के लिए हमारी सरकार ने कितने काम किए हैं। इनकी पैदा की गयी तमाम अड़चनों के बावजूद हमने इतने काम किए हैं। दिल्ली की जनता से बेइंतहा प्यार करती है। इसलिए चुनावों में आप को हराना इनके बस की बात नहीं। तो एक फ़र्ज़ी शराब घोटाले के बहाने गिरफ़्तार करके सरकार गिराना चाहते हैं।’







