नई दिल्ली। लखनऊ में वंदे मातरम के अपमान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. VVIP गेस्ट हाउस से हाथों में मशाल लेकर सैकड़ों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय का घेराव करने निकले. प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के अपमान का आरोप लगाया.
बीजेपी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यालय से करीब 300 मीटर पहले सुन्नी वक्फ बोर्ड के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया. इसके बाद कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे. बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा भी बैरिकेडिंग पर चढ़े और कार्यकर्ताओं के साथ ‘वंदे मातरम’ का गायन किया.
कांग्रेस कार्यालय में वंदे मातरम गाने पर अड़े भाजपाई
बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने कहा कि वंदे मातरम के सम्मान के लिए बीजेपी मैदान में है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. रोहित मिश्रा ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने जो किया, उसे देश कभी माफ नहीं करेगा.
उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय पर वंदे मातरम गाएंगे और कांग्रेस नेताओं से राष्ट्रगीत के सम्मान की अपील करेंगे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस की सोच आजादी के बाद भी नहीं बदली है.
कांग्रेस देश से माफी मांगे- BJP
रोहित मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया जा रहा है. ऐसे समय में कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत पूरी पार्टी को देश से माफी मांगनी चाहिए. बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जब पूरा देश शहीदों को याद कर रहा था और राष्ट्रगीत गा रहा था, तब कांग्रेस ने राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए.
आमने-सामने आए BJP-कांग्रेस कार्यकर्ता
बीजेपी कार्यकर्ताओं के कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी पार्टी कार्यालय से बाहर निकल आए और बीजेपी कार्यकर्ताओं की ओर बढ़ने लगे. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय से करीब 50 मीटर आगे बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी रोक दिया. इस दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और पुलिस ने दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोकने की कोशिश की.







