धर्मशाला। मैक्लोडगंज में दुकानदारों के निकास नालियों पर अतिक्रमण किए जाने पर नगर निगम ने कारवाई शुरू कर दी है। शनिवार को नगर निगम ने पीला पंजा चलाकर यहां चार दुकानों के संचालकों के निकास नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटा दिया है। साथ ही अन्य दुकानदारों को भी हिदायत जारी कर दी है कि वह भी अपना अतिक्रमण हटा लें अन्यथा उनके खिलाफ भी कारवाई अमल में लाई जाएगी।
अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
नगर निगम की ओर से मौजूदा समय में मैक्लोडगंज में सड़क पर टाइलें डालने का कार्य किया जाना है। इसी के चलते निगम की ओर से पहले अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। जिससे कि जो भी दुकानदार निकास नालियों पर अपनी दुकानदारी सजा रहे हैं यहां जिन्होंने अवैध निर्माण कर लिए हैं, उन्हें हटाया जा सके। इससे सड़क मार्ग भी खुलेगा और रोजाना लोगों को पेश आने वाली समस्याओं से भी निजात मिलेगी। इससे पहले भी निगम की ओर से मैक्लोडगंज में अतिक्रमण के खिलाफ कारवाई की जा चुकी है।
बाजारों का होगा सुंदरीकरण
निगम की ओर से शनिवार को पीला पंजा चलाकर हटाए गए अतिक्रमण से दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया है। उधर, नगर निगम धर्मशाला के महापौर ओंकार नैहरिया के मुताबिक मैक्ललोडगंज बाजार के सुंदरीकरण के साथ-साथ यहां सड़क मार्गों में टाइलें डाली जाएंगी। इससे पहले यहां किए गए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को चार अतिक्रमण हटाए गए हैं। जिन-जिन लोगों ने निकास नालियों में अतिक्रमण कर रखा है वह स्वयं हटा लें अन्यथा उन्हें भी हटाने की दिशा में कारवाई अमल में लाई जाएगी।







