नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कहा कि आज का दिन केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं है बल्कि असंख्य वीरों के अद्वितीय साहस, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है.
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करती हूं कि केंद्र और दिल्ली में एक ही विजन वाली सरकार होने का लाभ आज दिल्ली के विकास को मिल रहा है.
प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में मिनिस्ट्री ऑफ हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स के अंतर्गत दिल्ली के विकास के लिए अलग से डिपार्टमेंट ऑफ कैपिटल डेवलपमेंट बनाया गया है.
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि देश की राजधानी के समग्र और तेज विकास के लिए एक ऐसी संस्था का गठन किया गया है, जो दिल्ली को ग्रोथ इंजन बनाने में महत्वपूर्ण और गेम-चेंजर भूमिका निभाएगी.
पहली बार दिल्ली के राज्य खाते का अलगाव हुआ है और पहली बार RBI को दिल्ली का आधिकारिक बैंकर बनाया गया है. इससे दिल्ली के विकास कार्यों के लिए धन की उपलब्धता और वित्तीय प्रबंधन को मजबूती मिलेगी.
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से किसी भी स्तर पर फंड की कमी नहीं होने दी जा रही है और हर विषय पर त्वरित निर्णय लेकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है.
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा स्वास्थ्य, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरण ये हमारे विकास की सबसे मजबूत नींव हैं. हमारा लक्ष्य केवल आज की जरूरतों को पूरा करना नहीं है, बल्कि ऐसे मजबूत और टिकाऊ सिस्टम तैयार करना है, जो आने वाले दशकों तक दिल्ली के लोगों की आकांक्षाओं पर खरे उतरें.
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया मेरे लिए स्वास्थ्य का अर्थ सिर्फ अस्पताल और इलाज तक सीमित नहीं है. स्वास्थ्य का अर्थ है कि जब किसी गरीब परिवार में बीमारी आए, तो उसे इलाज के लिए अपना घर, अपनी जमीन या गहने बेचने की नौबत न आए. किसी परिवार को बेहतर इलाज के लिए दर-दर भटकना न पड़े.
उन्होंने कहा कि जब किसी नवजात बच्चे का जीवन बचाने की बात हो, तो उसे बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है. इसी सोच के साथ, दिल्ली में सरकार के गठन के तुरंत बाद हमने आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को लागू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया. मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब तक करीब 9 लाख लाभार्थी इस योजना के तहत पंजीकृत हो चुके हैं.
रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि अनमोल योजना दिल्ली में जन्म लेने वाले हर नवजात शिशु के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. इस योजना के तहत बच्चे के जन्म के तुरंत बाद एक बूंद रक्त के नमूने से 56 प्रकार के महत्वपूर्ण टेस्ट किए जाएंगे.
इन जांचों का उद्देश्य जन्मजात बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी संभावित समस्याओं की समय रहते पहचान करना है, ताकि बच्चे को शुरुआत से ही बेहतर चिकित्सा सुविधा और देखभाल मिल सके.
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह सुविधा केवल सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों तक सीमित नहीं होगी. दिल्ली में जन्म लेने वाले हर बच्चे को इसका लाभ मिले, यह हमारा लक्ष्य है.
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हम चाहते हैं कि दिल्ली का हर बच्चा स्वस्थ हो, सुरक्षित हो और अपने जीवन की शुरुआत बेहतर स्वास्थ्य के साथ करे. क्योंकि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ दिल्ली और विकसित दिल्ली की मजबूत नींव हैं.







