नई दिल्ली : दिल्ली में शनिवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। सुबह के समय दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3.6 दर्ज किया गया जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। इससे पूर्व 13 जनवरी 2021 को न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग का मानना है कि अगले दो दिनों तक दिल्लीवासियों को शीतलहर के साथ घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शनिवार की सुबह बेहद ठंडी रही। लेकिन सुबह लगभग 10 बजे कुछ घंटों के लिए धूप निकली, जिसके चलते लोगों को हल्की राहत मिली। लेकिन दोपहर एक बजे के बाद मौसम ने दोबारा करवट ली और धूप गायब हो गई। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में ठंडी हवाएं चलने लगी और शाम होते-होते कोहरा छाने लगा। दिनभर बर्फीली हवाएं चलने की वजह से राजधानी में लोगों ने काफी ठिठुरन महसूस की। मौसम विभाग का मानना है कि अगले दो दिनों तक दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास रहेगा। इस वजह से अगले कुछ दिनों तक बर्फीली हवाओं से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि पश्चिनी विक्षोभ के चलते पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के चलते दिल्ली के तापमान में गिरावट देखने को मिली है। शनिवार को नीचे बादल आने के चलते धूप गायब हो गई, लेकिन अगले कुछ दिनों में दोपहर के समय धूप निकलेगी। इससे दोपहर का तापमान बेहतर रहेगा। उन्होंने बताया कि सोमवार से न्यूनतम तापमान बढ़ेगा। आगामी 16 जनवरी को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है। इससे एक बार फिर बर्फीली हवाओं का सामना दिल्लीवासियों को करना पड़ेगा।
शनिवार को न्यूनतम तापमान के साथ ही अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। शुक्रवार को जहां दिल्ली का अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री था तो वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 18.1 दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। शनिवार को एसपीएस मयूर विहार में अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री, मुंगेशपुर में 15.6 डिग्री जबकि रिज में 16.3 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में शनिवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान 3 डिग्री आया नगर का रहा। मौसम विभाग का मानना है कि आगामी 16 जनवरी से तापमान में कुछ सुधार होगा।
कोहरे के चलते 40 से ज्यादा रेलगाड़ियां प्रभावित
राजधानी में शनिवार सुबह मध्यम श्रेणी का कोहरा रहा, लेकिन इसके बावजूद रेल एवं हवाई यातायात पर इसका बड़ा असर देखने को मिला। शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों से दिल्ली आने वाली 40 से ज्यादा रेलगाड़ियां देरी से पहुंची। वहीं एक दर्जन से ज्यादा रेलगाड़ियां देरी से दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों से रवाना हो सकी। अमृतसर से नांदेड़ के बीच चलने वाली सचखंड एक्सप्रेस शनिवार को 6 घंटे की देरी से पहुंची। वैशाली एक्सप्रेस 5.30 घंटे, भूवनेश्वर राजधानी 3 घंटे, रिवा-आनंद विहार एक्सप्रेस 5.30 घंटा जबकि प्रयागराज एक्सप्रेस 3.15 घंटे की देरी से दिल्ली पहुंची। दिल्ली आने वाली वंदेभारत और राजधानी गाड़ियां भी कोहरे से प्रभावित हो रही हैं। कोहरे के चलते शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट से लगभग 20 विमानों ने देरी से उड़ान भरी।







