प्रकाश मेहरा
विशेष डेस्क
नई दिल्ली: वेनेज़ुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अपने पांच दिवसीय भारत दौरे के दौरान गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और डेल्सी रोड्रिगेज के बीच हुई वार्ता में भारत-वेनेज़ुएला संबंधों के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने ऊर्जा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य सेवा और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
भारत ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति
बैठक के दौरान ऊर्जा क्षेत्र को विशेष महत्व दिया गया। वेनेज़ुएला विश्व के प्रमुख तेल उत्पादक देशों में शामिल है, जबकि भारत ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रमुख आयातक देशों में से एक है। ऐसे में दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनी।
इसके अलावा व्यापारिक संबंधों के विस्तार, निवेश को बढ़ावा देने तथा स्वास्थ्य और ऑटोमोबाइल क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया तथा विकासशील देशों के साझा हितों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
ग्लोबल साउथ के हितों की रक्षा
भारत और वेनेज़ुएला ने ग्लोबल साउथ के हितों की रक्षा और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रभावी आवाज़ दिलाने के अपने संकल्प को दोहराया। दोनों पक्षों ने भविष्य में द्विपक्षीय साझेदारी को और व्यापक बनाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।







