सतीश मुखिया/मथुरा: जिले के नौहझील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भूरेका में दिनांक 20 मई 2025 की रात्रि को एक दलित बारात में डीजे बजाने को लेकर कुछ दबंग तत्वों द्वारा दूल्हे को बारात से उतारने, दुल्हन पक्ष के परिजनों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ जैसी अत्यंत निंदनीय व अमानवीय घटना के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने कमर कस ली है।
कांग्रेस पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की, उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में मथुरा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री मुकेश धनगर, कांग्रेस पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं हाथरस प्रभारी श्री विक्रम बाल्मीकि, दलित चिंतक एवं एडवोकेट श्री प्रदीप सागर, समाजसेवी श्री राजा बाबू बाल्मीकि एवं वामपंथी नेता एडवोकेट नसीर शाह शामिल थे।
पीड़ित परिवार के अंतर्गत नवविवाहिता बेटी की मां ने बताया कि मेरी बेटी की शादी थी, उसके पिता एवं भाई का पूर्व में ही स्वर्गवास हो चुका है। बस्ती और समाज के सहयोग से विवाह की व्यवस्था की गई थी। जैसे ही बारात दरवाजे पर पहुँची, क्षेत्र के दबंगों ने आकर तांडव शुरू कर दिया। दूल्हे को जबरन बारात से उतार दिया गया और परिजनों के साथ क्रूरतापूर्वक मारपीट की गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दबंग वहां से चले गए लेकिन अगले दिन, सुबह बेटी की बिदाई के तुरंत बाद दबंग पुनः संगठित होकर आए और पूरे परिवार के साथ पुनः मारपीट की तथा घर में जमकर तोड़फोड़ की। अभी सुरक्षा की समुचित व्यवस्था नहीं है दबंग परिवारों के लोग समझौते के लिए दवाब बना रहे हैं, हमें सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस हो रहा है।
श्री मुकेश धनगर ने कहा, “यह हमला दलित समाज के स्वाभिमान पर सीधा प्रहार है। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करेगी और जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, हम चुप नहीं बैठेंगे।”
श्री विक्रम बाल्मीकि ने कहा, “यह मामला केवल अपराध नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की गंभीर चुनौती है। हम इसे राष्ट्रीय मंच तक ले जाएंगे।”
एडवोकेट प्रदीप सागर ने कहा कि यह घटना एससी/एसटी एक्ट और संगठित अपराध की गंभीर धाराओं में आती है, लेकिन प्रशासन की निष्क्रियता दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी।
वामपंथी नेता एडवोकेट नसीर शाह ने कहा है कि यह घटना न केवल संवेदनहीनता का चरम उदाहरण है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है।
कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि-
- घटना की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए।
- पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
- पीड़ित परिवार को हुए आर्थिक नुकसान की क्षतिपूर्ति सरकार की ओर से अविलंब की जाए।
- पीढ़ित परिवार को एससी एसटी एक्ट के तहत तत्काल मुआवजा राशि दी जाए, अगर प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी कलेक्ट्रेट घेराव कर बड़ा आंदोलन करेगी।







