नई दिल्ली : दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव के दो महीने बाद भी सियासी अखाड़ा बना हुआ है। दो महीने बीतने के बाद भी अब तक एमसीडी को मेयर और डिप्टी मेयर नहीं मिल सका है। अब तक सदन की तीन बैठकें बुलाई जा चुकी हैं, लेकिन बीजेपी और AAP की सियासी लड़ाई के चलते चुनाव को स्थगित करना पड़ा है। ऐसे में नई तारीखों के साथ दिल्ली सरकार ने एक बार फिर उपराज्यपाल को प्रस्ताव भेजा है।
दिल्ली की आप सरकार ने 13 या 14 फरवरी को दिल्ली के मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के सदस्यों के लिए चुनाव कराने के लिए दिल्ली एलजी को एक प्रस्ताव भेजा है। ऐसे में उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद ही तारीख तय हो पाएगी।
बता दें कि दिल्ली नगर निगम के नए मेयर के चुनाव के लिए अब तक तीन बार बैठक बुलाई गई हैं, लेकिन तीनों की ही कोशिशें नाकाम हुई है। MCD के चुनाव परिणाम पिछले साल 7 दिसंबर 2022 को आए थे, लेकिन उसके बाद तीन बार हंगामे के चलते चुनाव टल चुका है। मालूम हो कि एमसीडी चुनाव के लिए पहली बार बैठक 6 जनवरी को बुलाई थी। फिर दूसरी 24 जनवरी और तीसरी बैठक 6 फरवरी को बुलाई गई। इस दौरान तीनों ही बैठक में बीजेपी और आम आदमी पार्टी के लोगों के हंगामा की वजह से चुनाव नहीं हो सका और बैठक स्थगित कर दी गई।







