श्रद्धा वालकर हत्याकांड पर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं, हर कोई चाहता है कि इस हत्याकांड को अंजाम देने के पीछे जो कोई दोषी है उसे जल्द से जल्द सजा मिले। मामले की जांच में दिल्ली पुलिस पूरी ताकत से लगी हुई है। रविवार को महाराष्ट्र के पालघर में दिल्ली पुलिस की एक टीम ने श्रद्धा हत्या मामले में बयान दर्ज कराने के लिए तीन लोगों को बुलाया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वसई अपराध शाखा कार्यालय में बयान दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारी ने बयान दर्ज कराने वालों का बिना नाम लिए बताया कि तीनों व्यक्ति श्रद्धा को जानते थे।
दिल्ली पुलिस की टीम श्रद्धा के पैतृक जिले पालघर के वसई के माणिकपुर में है। यहीं श्रद्धा और आफताब दिल्ली जाने से पहले रुके थे। अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली पुलिस की टीम ने पालघर में जिन चार लोगों के बयान दर्ज किए, उनमें दो पुरुष भी शामिल थे। श्रद्धा ने इनसे 2020 में आफताब द्वारा मारपीट किए जाने के बाद सहायता मांगी थी। अन्य दो व्यक्ति जिनके बयान दर्ज किए गए, उनमें मुंबई में कॉल सेंटर के एक पूर्व प्रबंधक, जहां श्रद्धा काम कर रही थीं और एक उसकी महिला मित्र हैं।
अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने रविवार को छतरपुर के जंगल और जहां आफताब व श्रद्धा रहते थे वहां नए सिरे से तलाशी ली। पुलिस ने श्रद्धा के शरीर के बाकी हिस्सों और हत्या करने वाले हथियार को बरामद करने के लिए महरौली और आफताब के फ्लैट में तलाशी तेज कर दी है, क्योंकि उसकी हिरासत रिमांड मंगलवार को समाप्त हो रही है।
बता दें कि महाराष्ट्र के वसई में दिल्ली पुलिस की टीम उस मकान तक पहुंची जहां श्रद्धा और आफताब किराए पर रहते थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक श्रद्धा और आफताब ने खुद को पति-पत्नी बताकर किराए पर कमरा लिया था। दिल्ली आने से पहले वसई के रीगल अपार्टमेंट मे श्रद्धा और आफताब रहते थे।
रीगल अपार्टमेंट की मालकिन जयश्री पाटकर से आज दिल्ली पुलिस की टीम ने पूछताछ की है। फिलहाल दिल्ली पुलिस की एक टीम महाराष्ट्र में इस मामले की तफ्तीश में जुटी है।







