नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद से ही राजधानी के अगले मुख्यमंत्री को लेकर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं. भाजपा सरकार किसे मुख्यमंत्री बनाने वाली है इसको लेकर पिछले 10 दिन से मंथन चल रहा है. सस्पेंस के बीच बता दें कि 20 फरवरी 2025 को रामलीला मैदान में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह होगा. सवाल ये है कि भाजपा दलित, पूर्वांचली या सिख किस नेता पर अपना दांव खेल सकती है?
दलित नेता के सिर सजेगा ताज?
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के तौर पर अभय वर्मा, मनजिंदर सिरसा, प्रवेश वर्मा और रेखा गुप्ता समेत कई नामों की चर्चा चल रही है. संभावना यह भी जताई जा रही है कि भाजपा दिल्ली में किसी दलित नेता के सिर पर मुख्यमंत्री पद का ताज सजा सकती है. अगर ऐसा होता है तो रविंद्र इंद्रराज सिंह दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री होंगे. रविंद्र इंद्रराज सिंह ने बवाना विधानसभा सीट से AAP के जय भगवान उपकार को 31475 वोटों के अंतर से शिकस्त दी थी. वह लंबे समय से दलित समुदाय के लिए काम कर रहे हैं.
सिरसा बनेंगे मुख्यमंत्री?
दिल्ली के राजौरी गार्डन विधानसभा सीट से विधायक चुने गए मनजिंदर सिरसा को भी मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है. उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP उम्मीदवार धनवंती चंदेला को 18 हजार वोटों से हराया था. हरियाणा के सिरसा में जन्में मनजिंदर सिंह वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव के पद में कार्यरत हैं. उन्होंने शिरोमणि अकाली दल से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी. 1 दिसंबर साल 2021 में वह भाजपा में शामिल हो गए थे. सिरसा सिख समुदाय से हैं और दिल्ली में सिख और पंजाबी समुदाय की संख्या अधिक है. ऐसे में भाजपा पंजाब में अपने पैर जमाने के लिए सिरसा को दिल्ली का मुख्यमंत्री बना सकती है.







