नई दिल्ली। ओटीटी पर मौजूद ये सीरीज सस्पेंस, ट्विस्ट और टर्न्स से भरी है, जिसके चलते इसका रोमांच कम नहीं होता। हर एपिसोड, पहले वाले एपिसोड से ज्यादा दिलचस्प लगता है। इसलिए अगर आपने अब तक ये सीरीज नहीं देखी है तो जल्दी से इसे अपनी वॉच लिस्ट में शामिल कर लें।
मत्स्य कांड
ओटीटी पर कंटेंट की कोई कमी नहीं है, जो कई बार तो हेल्पफुल होता है तो कई बार दिमाग में कन्फ्यूजन पैदा कर देता है कि क्या देखें और क्या नहीं। अगर आप भी इसी उधेड़-बुन में हैं तो आज हम आपको एक जबरदस्त क्राइम-थ्रिलर के बारे में बताते हैं, जिसे देखकर आपका दिन बन जाएगा। खासतौर पर अगर आपको माइंड गेम्स वाली फिल्में और सीरीज देखना पसंद है तो ये आपको काफी पसंद आने वाली है। तो अगर आप इस सीरीज को देखने से चूक गए हैं, तो इसे अपनी वॉच लिस्ट में शामिल करना ना भूलें। हम बात कर रहे हैं ‘मत्स्य कांड’ की, जिसे आईएमडीबी पर 8.5 रेटिंग मिली है।
सस्पेंस और थ्रिल से भरी है सीरीज
क्राइम-थ्रिलर जॉनर की सीरीज मत्स्य कांड में रवि दुबे, पीयूष मिश्रा और रवि किशन जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं। कुल 11 एपिसोड वाली इस सीरीज का हर एक एपिसोड सस्पेंस और माइंड गेम से भरा है, जिसके चलते इसे देखना और भी दिलचस्प हो जाता है। हर एपिसोड में एक्टर का नया-नया रूप, हर किसी को हैरान और कन्फ्यूज कर देता है, जो इस सीरीज का सबसे बड़ा आकर्षण भी है।
क्या है कहानी?
मत्स्य कांड की कहानी रवि दुबे के किरदार मत्स्य के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक छोटे से कस्बे में पला-बढ़ा है और अपने साथ हुए अन्याय का बदला लेता है, जिसके चलते वो जेल पहुंच जाता है। मत्स्य अपनी मां की देखभाल के लिए कई बार जेल से भागने की कोशिश करता है, लेकिन हर बार पकड़ा जाता है और फिर पीटा जाता है। जेल के अंदर उसकी मुलाकात आनंद पंडित (पीयूष मिश्रा) से होती है, जो उसे ठगी का मास्टर बना देता है। जिसके बाद मत्स्य अपना भेष बदल-बदलकर कई बड़े कांड को अंजाम देता है।
सनकी पुलिस और चालाक बदमाश
मत्स्य जेल से निकलने के बाद आनंद पंडित का बदला भी लेता है। मत्स्य कई शहरों में बड़े कांड को अंजाम देता है और कहानी में एंट्री होती है एक सनकी पुलिसवाले की, जिसका किरदार रवि किशन ने निभाया है। वह मत्स्य को पकड़ने की ठान लेता है और फिर शुरू होती है मत्स्य और पुलिस के बीच आंख मिचोली का खेल।
जिस तरह मत्स्य बार-बार भेष बदलकर पुलिस को चकमा देता है, वह दर्शकों को हैरान कर देता है। अगर आपको सस्पेंस से भरी फिल्में और सीरीज पसंद हैं तो ‘मस्त्य कांड’ बिलकुल मिस न करें। खास बात तो ये है कि ये सीरीज आप फ्री में देख सकते हैं। मत्स्य कांड अमेजन एमएक्स प्लेयर पर मौजूद है, जिसे देखने के लिए आपको किसी तरह का सब्सक्रिप्शन भी नहीं लेना होगा।







