गौरव खाम्ब्रा
नई दिल्ली: चैटजीपीटी निर्माता ओपनएआई के सह- संस्थापक और बर्खास्त सीईओ सैम ऑल्टमैन माइक्रोसॉफ्ट से जुड़ गए हैं। ओपनएआई के अन्य सह- संस्थापक ग्रेग ब्रॉकमैन ने भी माइक्रोसॉफ्ट का दामन थाम लिया है। माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। नडेला ने कहा, माइक्रोसॉफ्ट ओपनएआई के साथ साझेदारी को लेकर प्रतिबद्ध है। उसे अपने प्रोडक्ट रोडमैप पर भरोसा है।
उन्होंने लिखा, मैं यह जानकारी देते हुए बहुत उत्साहित हूं कि ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन अपने सहकर्मियों के साथ माइक्रोसॉफ्ट में शामिल हो रहे हैं, जहां वे एक नई एडवांस्ड एआई टीम का नेतृत्व करेंगे। इसके लिए उन्हें जरूरी संसाधन मुहैया कराए जाएंगे। सत्य नडेला की पोस्ट को शेयर करते हुए सैम ऑल्टमैन ने एक्स पर लिखा, ‘द मिशन कंटीन्यू’। ओपनएआई के बोर्ड ने शुक्रवार को सैम ऑल्टमैन को अचानक से नौकरी से निकाल दिया था। बोर्ड का कहना है कि उसे ऑल्टमैन की काबिलियत पर भरोसा नहीं है कि वह उसे आगे लेकर जा पाएंगे।







