नई दिल्ली: भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों (EVs) का क्रेज अब सिर चढ़कर बोल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से इलेक्ट्रिक कार खरीदने की अपील की थी, ताकि पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम की जा सके। पीएम की इस अपील ने काम कर दिया। मई 2026 के ताजा आंकड़े बताते हैं कि गाड़ियों की कुल बिक्री में से लगभग 7 प्रतिशत हिस्सेदारी सिर्फ इलेक्ट्रिक कारों की रही है। पिछले एक साल में यह ईवी बिक्री का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। लगातार बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दाम और चार्जिंग स्टेशनों की बढ़ती संख्या ही इस बड़ी कामयाबी की मुख्य वजहें हैं। आइए आपको मई 2026 में ईवी की बिक्री के बारे में बताते हैं।
EV की बढ़ती बिक्री
इलेक्ट्रिक कारों की रिकॉर्ड बिक्री – गाड़ीवाड़ी की रिपोर्ट (Ref) के मुताबिक मई 2026 में देश के अंदर कुल 3,17,354 कारें बिकीं, जिनमें से 21,953 केवल इलेक्ट्रिक कारें थीं।
बड़ी छलांग – इस साल की शुरुआत में जनवरी और फरवरी में कुल बिक्री में ईवी का हिस्सा सिर्फ 4.1% और 4.2% था, जो अब मई महीने में बढ़कर 6.9% (लगभग 7%) हो गया है।
सालाना बढ़त – अगर पिछले साल यानी मई 2025 से तुलना करें, तो तब ईवी की हिस्सेदारी 4.7% थी, जो अब मई 2026 में बढ़कर 6.9% पर पहुंच गई है। इससे पता चलता है कि लोग अब पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के बढ़ते दामों से तंग आकर इलेक्ट्रिक का रुख कर रहे हैं।
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स का भी जलवा
- इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की बढ़ती डिमांड सिर्फ गाड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि दो-पहिया वाहनों में भी लोग तेजी से ईवी अपना रहे हैं।
- मई 2026 में पूरे देश में 16 लाख से ज्यादा टू-व्हीलर्स बिके, जिनमें से 1.44 लाख इलेक्ट्रिक स्कूटर्स और बाइक्स थीं।
- इस सेगमेंट में ईवी की हिस्सेदारी 8.9% तक पहुंच गई है, जो इस साल जनवरी में केवल 6.7% थी।
शहर के अंदर चलाने के लिए बेस्ट
- शहर के अंदर चलाने या कम दूरी की यात्रा करने के लिए ज्यादातर लोग इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर खरीदना पसंद करते हैं।
- इनकी रनिंग कॉस्ट कम और मेंटेनेंस सस्ता और आसान होता है, जिससे इन्हें चलाने का खर्च कम होता है।
- साथ ही इलेक्ट्रिक स्कूटर या बाइक को चार्च करना भी आसान होता है। आमतौर पर इन्हें घर या ऑफिस में चार्जर से आसानी से चार्ज किया जा सकता है।
हर बजट और जरूरत के लिए EV उपलब्ध
मार्केट में अब हर तरह के ग्राहकों के लिए इलेक्ट्रिक गाड़ियों के कई शानदार विकल्प मौजूद हैं, जिसने बिक्री बढ़ाने में मदद की है।
लंबी रेंज – मारुति सुजुकी, हुंडई और महिंद्रा जैसी बड़ी कंपनियां अब ऐसी इलेक्ट्रिक गाड़ियां ला रही हैं जो एक बार चार्ज करने पर 500 किलोमीटर से ज्यादा चलती हैं।
सस्ती और किफायती कारें – टाटा मोटर्स और एमजी जैसी कंपनियों ने आम बजट को ध्यान में रखते हुए मात्र ₹6-7 लाख (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत में शानदार इलेक्ट्रिक कारें बाजार में उतारी हैं।
बड़ी फैमिली के लिए – किआ और बीवाईडी जैसी कंपनियां बड़े परिवारों के लिए 7-सीटर फैमिली इलेक्ट्रिक कारें भी बेच रही हैं।







