नई दिल्ली : राजधानी कूच पर अड़े किसानों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने धारा-144 लगाने के साथ ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पिछली बार से सबक लेते हुए पुलिस ने तय किया है कि अगर दिल्ली की सीमा पर उग्र प्रदर्शन हुआ तो सख्ती से निपटा जाएगा। सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा को चौकस बनाने के लिए दिल्ली पुलिस व अर्धसैनिक बलों के करीब पांच हजार जवानों की तैनाती की जा चुकी है। इतने ही सुरक्षाबलों को रिजर्व में भी रखा गया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने मंगलवार को एक बार फिर सीमावर्ती इलाकों में जाकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने यूपी और हरियाणा की सीमाओं व पिकेट्स पर ज्यादा सतर्कता बरतने के आदेश दिए हैं। यहां तक कि छोटी सीमाओं व पिकेट पर भी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है। स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि लाठी, रॉड, बैनर या इस तरह की किसी वस्तुओं का परिवहन के दौरान प्रयोग करते हुए कोई भी दिखाई दे तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर
कमिश्नर ने यह भी आदेश दिया है कि हर संदिग्ध व्यक्ति, समूह या संगठन पर भी पैनी नजर रखें। इसके लिए दिल्ली पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को को पूरी तरह से चौकन्ना रहने को कहा है, ताकि किसी भी तरह के उत्तेजक नारे, भाषण या संदेश को प्रसारित करने, उसका प्रचार करने और इस तरह के बयान देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। चाहे इस तरह की घटनाए मौखिक हों या लिखित या फिर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम के जरिये हों, जिनसे भी भावनाएं भड़क सकती हैं, उसे लेकर कार्रवाई करें।
नौ मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश-निकास प्रभावित
किसानों को रोकने के लिए दिल्ली की सीमाओं के साथ अंदरूनी हिस्सों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। मंगलवार को नई दिल्ली क्षेत्र में पड़ने वाले नौ मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों को प्रतिबंधित प्रवेश-निकास दिया गया। इन स्टेशनों पर सिर्फ दो गेट ही प्रवेश-निकास के लिए खोले गए। नई दिल्ली क्षेत्र के केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, उद्योग भवन, पटेल चौक, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, जनपथ, खान मार्केट और लोक कल्याण मार्ग स्टेशनों पर प्रतिबंधित प्रवेश-निकास रहा। केंद्रीय सचिवालय पर तीन गेट बंद कर दिए गए थे।







