अल्मोड़ा : अल्मोड़ा जिले के बिनसर अभ्यारण्य में सरकारी कब्जे की भूमि को बिक्री के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने 141 नाली भूमि का 2.10 करोड़ रुपये में सौदा कर 1.35 करोड़ रुपये ले लिए। जब रजिस्ट्री नहीं हुई तो पीड़ितों ने डीएम से शिकायत की। डीएम के आदेश पर रविवार को पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, सर्वप्रिय विहार नई दिल्ली निवासी भरत कौशल ने अपनी पत्नी और नोएडा (उत्तरप्रदेश) के एक बुजुर्ग के साथ बीते दिनों डीएम अल्मोड़ा को मुक्ति दत्ता, निवासी बिनसर जौलजीवी अयारपानी अल्मोड़ा के खिलाफ एक शिकायती पत्र दिया था। उनका कहना था कि वर्ष 2020-21 में उनका मुक्ति दत्ता के साथ 141 नाली भूमि का 2.10 करोड़ रुपये में सौदा हुआ था।
आरोपी ने सौदे के दौरान स्वयं को भूमि का एकमात्र स्वामी बताया था। अनुबंध के समय भरत कौशल व रीना भरत कौशल ने पांच लाख और संजीव मिश्रा ने ढाई लाख रुपए बैंक ड्राफ्ट के जरिए दिए। तय हुआ था कि भूमि उत्तराखंड बहुउद्देशीय वित्त और विकास निगम से मुक्त कराकर बेची जानी थी।
बताया कि विक्रय अनुबंध पत्र में हस्ताक्षर होने के बाद पता चला कि आरोपित मुक्ति दत्ता ने अपने बेटे अर्जुन सिंह बिष्ट को पावर आफ एटार्नी दे दी है। आरोपी महिला ने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही बेटे का नाम हटा देगी। बाद में पता चला कि भूमि सरकारी कब्जे में है। उत्तराखंड बहुउद्देशीय वित्त और विकास निगम की बकाया राशि के भुगतान के बिना नहीं बेचा जा सकता।
इस दौरान उन्होंने महिला को कुल 1 करोड़ 35 लाख रुपये दे दिए। बाद में जानकारी मिली कि आरोपी महिला ने देनदारी में से महज 18 लाख रुपये का भुगतान किया। जिससे नीलामी की कार्रवाई आगे बढ़ सके।
16 माह तक आरोपी टाल मटोल करती रही। अब तक न तो उन्हें जमीन मिली और न ही रुपये वापस मिले। मामले में कोतवाल जगदीश देउपा ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







